सागर: कार में बंदूक का प्रदर्शन कर बनाई रील, वीडियो वायरल; पुलिस ने शुरू की जांच

सागर: कार में बंदूक का प्रदर्शन कर बनाई रील, वीडियो वायरल; पुलिस ने शुरू की जांच

सागर शहर में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने सनसनी फैला दी है। वायरल वीडियो में कुछ युवक चलती कार के अंदर बंदूक का प्रदर्शन करते हुए रील बनाते एवं कार को लापरवाही पूर्वक चलाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कोतवाली थाना क्षेत्र के एलिवेटेड कॉरिडोर का है।

जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा एक युवक कांग्रेस नेता का पुत्र कैफ खान एवं उसका साथी अयान खान बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये युवक पहले भी इस तरह की भौकाल दिखाने और दहशत फैलाने वाली रीलें सोशल मीडिया पर अपलोड करते रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने ऐसे कृत्यों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और कहां बनाया गया। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार लाइसेंसी है या अवैध।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में यदि कानून का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की घटनाओं को लेकर पुलिस ने साफ किया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।

Leave a Comment

Read More