सागर पुलिस का जिलेभर में बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 32 थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश

सागर पुलिस का जिलेभर में बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 32 थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश
10 साल से फरार स्थायी वारंटी भी गिरफ्तार, 78 स्थायी वारंट सहित 270 वैधानिक कार्रवाइयों से अपराधियों में मचा हड़कंप
सागर। अपराध नियंत्रण और फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए सागर पुलिस ने 18 और 19 जुलाई की मध्यरात्रि जिलेभर में एकीकृत कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में 32 थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई।
अभियान में करीब 500 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस टीमों ने अपराधियों के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर 10 वर्षों से फरार स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया।
कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने 78 स्थायी वारंट, 49 गिरफ्तारी वारंट और 29 जमानती वारंट तामील किए। इसके अलावा 86 गुण्डा एवं हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की चेकिंग और सत्यापन किया गया। धारा 170 बीएनएसएस के तहत 12 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की गई तथा अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध भी अपराध दर्ज किए गए।
रात्रिकालीन अभियान के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों और अपराध संभावित क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच की गई। जिलेभर में कुल 270 वैधानिक कार्रवाइयों से अपराधियों में हड़कंप की स्थिति रही।
सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Comment

Read More