
सोनम वांगचुक के समर्थन में AAP का विरोध मार्च, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
सागर। महान वैज्ञानिक एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के समर्थन और NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) की सागर इकाई ने विरोध मार्च निकाला। पार्टी जिलाध्यक्ष इंजीनियर डीके सिंह के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
AAP नेताओं ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने और शांतिपूर्ण आंदोलनों को दबाने का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं का कहना था कि एक ओर सोनम वांगचुक लंबे समय से अनशन कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर NEET परीक्षा से जुड़े विवादों ने देश के करोड़ों छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।
विरोध मार्च शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से होते हुए निकाला गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
AAP जिलाध्यक्ष इंजीनियर डीके सिंह ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था की शुचिता और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही, ऐसे मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को सख्त सजा दी जाए।
मार्च के समापन पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष दामोदर कुर्मी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। जिला संगठन मंत्री पुष्पेंद्र राजपूत ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में ग्रामीण जिलाध्यक्ष दामोदर कुर्मी, संगठन मंत्री पुष्पेंद्र राजपूत, स्टेट जॉइंट सेक्रेटरी रामसेवक पवार, RTI विंग जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष कुर्मी, राहुल खरे, अमित सोनी, मयंक कोरी, ज्योतिष सोनी, मीडिया प्रभारी संदेश कश्यप, कमलेश साहू, उदय पवार, क्रांति जबलपुरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।











