सागर पुलिस में पदोन्नति का गौरवपूर्ण क्षण: एसपी अनुराग सुजानिया और एएसपी नरेंद्र सोलंकी ने लगाए नए पद चिन्ह

सागर पुलिस में पदोन्नति का गौरवपूर्ण क्षण: एसपी अनुराग सुजानिया और एएसपी नरेंद्र सोलंकी ने लगाए नए पद चिन्ह
पदोन्नत अधिकारियों-कर्मचारियों को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं, बढ़ी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश
सागर। पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेशानुसार जिला स्तर पर पदोन्नत हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कंधों पर नए पद के स्टार एवं पद चिन्ह लगाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों और जनसेवा के दायित्व में भी बढ़ोतरी का प्रतीक है। उन्होंने पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने नए पद की गरिमा के अनुरूप कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। साथ ही सागर पुलिस की उत्कृष्ट कार्यशैली को और मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी ने पदोन्नत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके परिश्रम, समर्पण और उत्कृष्ट सेवा का परिणाम है। उन्होंने सभी से नए दायित्वों का निर्वहन पूरी कार्यकुशलता और पेशेवर दक्षता के साथ करने का आह्वान किया।
पदोन्नत कर्मचारियों ने लिया जनसेवा का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान पदोन्नत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे नए पद की गरिमा के अनुरूप पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
समारोह का वातावरण उत्साह, गर्व और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा। उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत साथियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल सेवाकाल की कामना की।

Leave a Comment

Read More