नशे से दूरी है जरूरी 2.0: सागर में महिलाओं की भागीदारी से मजबूत हुआ नशामुक्ति जनआंदोलन, 35 थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान

नशे से दूरी है जरूरी 2.0: सागर में महिलाओं की भागीदारी से मजबूत हुआ नशामुक्ति जनआंदोलन, 35 थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान
सागर, 25 जुलाई 2026। सागर जिले में पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के 11वें दिन महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियों तथा सागर पुलिस की संयुक्त पहल से पूरे जिले में नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिले के सभी 35 थाना क्षेत्रों में रैली, शपथ कार्यक्रम, जनसंवाद और घर-घर संपर्क अभियान आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के नेतृत्व में आयोजित अभियान में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग भरत सिंह राजपूत के सहयोग से शौर्य दल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
अभियान का उद्देश्य महिलाओं और समुदाय की सहभागिता बढ़ाकर परिवार एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना रहा।
गोपालगंज थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक नीरज जैन के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में भ्रमण कर महिलाओं और परिवारों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। बीना में आंगनबाड़ी केंद्र पर नशामुक्ति शपथ के साथ जनजागरूकता रैली निकाली गई।
सिविल लाइन थाना अंतर्गत ग्राम बम्हौरी बीका के आंगनबाड़ी केंद्र में सेक्टर सुपरवाइजर, ग्राम सरपंच, आशा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की उपस्थिति में नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित हुआ, जबकि जैसीनगर के ग्राम पड़रई स्थित शासकीय विद्यालय में 150 से 200 छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
भानगढ़ के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसी प्रकार जिले के सभी 35 थाना क्षेत्रों में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग, शौर्य दल, ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियों तथा स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर नशामुक्ति का संदेश दिया।
सागर पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल कानून लागू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण का जनआंदोलन बन चुका है। आगामी दिनों में भी जिलेभर में इसी उत्साह के साथ जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।

Leave a Comment

Read More