
गढ़ाकोटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
सागर, 28 जुलाई 2026। सागर जिले की गढ़ाकोटा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, विवेकानंद वार्ड गढ़ाकोटा निवासी हल्ले पटैल ने थाना गढ़ाकोटा में शिकायत दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश के चलते भरत पटैल ने जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में थाना गढ़ाकोटा में अपराध क्रमांक 541/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी रहली के मार्गदर्शन में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। लगातार तलाश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 28 जुलाई को भरत पिता नन्हेभाई पटैल (25 वर्ष), निवासी ग्राम मढ़िया खुर्द, थाना गढ़ाकोटा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते फरियादी पर जानलेवा हमला किया था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी, उपनिरीक्षक राजाराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक प्रमोद सोयाम, आरक्षक थिरवम एवं राजदीप तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।











