
श्मशान घाट से अस्थियां और राख गायब, परिजनों ने जताई तंत्र-मंत्र की आशंका; पुलिस जांच में जुटी
सागर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम पथरिया जाट स्थित श्मशान घाट से अंतिम संस्कार के बाद मृतक की अस्थियां और राख गायब होने का मामला सामने आया है। घटना से परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तंत्र-मंत्र की आशंका जताते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पथरिया जाट निवासी 86 वर्षीय जगन सूर्यवंशी का निधन होने के बाद परिजनों ने स्थानीय श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया था। परंपरा के अनुसार अगले दिन जब परिजन अस्थि-संग्रह के लिए श्मशान घाट पहुंचे तो वहां न तो अस्थियां मिलीं और न ही राख। यह देखकर परिजन स्तब्ध रह गए।
मृतक के पुत्र मोहन सूर्यवंशी ने बताया कि पिता के अंतिम संस्कार के बाद जब अगले दिन अस्थियां लेने पहुंचे तो वहां कुछ भी नहीं था। उन्होंने आशंका जताई कि किसी ने तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों के लिए अस्थियां चोरी की हों।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मंगलवार दोपहर सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
बाइट











