
सागर में सनसनी: वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक रंजन तिवारी की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका
सागर। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत सदर इलाके में मंगलवार को एक वरिष्ठ अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिवक्ता ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान दीपक रंजन तिवारी निवासी सदर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह वे अपने घर पर थे। इसी दौरान उन्होंने अज्ञात कारणों से कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। उनकी आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो वे घर में पड़े मिले। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
अधिवक्ता की मौत की खबर शहर में फैलते ही अस्पताल में साथी अधिवक्ताओं और परिचितों की भीड़ जुट गई। घटना से वकीलों और शहरवासियों में शोक का माहौल है।
परिवार फिलहाल सदमे में है और इस संबंध में कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। वहीं कुछ परिचितों का कहना है कि मृतक के खिलाफ एक मामला न्यायालय में लंबित था, जिसके चलते वे पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे और नियमित रूप से न्यायालय भी नहीं जा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इन्हें जांच का विषय बताया है।
सागर CSP ललित कुमार कश्यप ने बताया कि अधिवक्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ खाने और स्वयं को चोट पहुंचाने के कारण मौत होना सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।











