खुरई पुलिस ने पकड़ा अंतरजिला ट्रैक्टर चोर गिरोह, 3 आरोपी गिरफ्तार; 21.20 लाख के 4 चोरी के ट्रैक्टर बरामद

खुरई पुलिस ने पकड़ा अंतरजिला ट्रैक्टर चोर गिरोह, 3 आरोपी गिरफ्तार; 21.20 लाख के 4 चोरी के ट्रैक्टर बरामद

खुरई (सागर)। सागर पुलिस को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। खुरई शहर पुलिस ने अंतरजिला ट्रैक्टर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 21.20 लाख रुपये मूल्य के चार चोरी के ट्रैक्टर और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी तथा एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 को खुरई निवासी अरविन्द यादव और उनके पड़ोसी वीरेन्द्र यादव के घर के सामने खड़े दो स्वराज ट्रैक्टर रात में चोरी हो गए थे। मामले में थाना खुरई शहर में अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने अंकुष उइके और संतोष उइके को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने अपने साथी अनुराग उर्फ अन्नू मालवीय के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में पता चला कि चोरी के ट्रैक्टर शिवपुरी निवासी मोहर सिंह गुर्जर को बेचने के लिए दिए गए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से दोनों ट्रैक्टर बरामद कर लिए।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने इससे पहले रायसेन जिले के गैरतगंज और विदिशा जिले के खामखेड़ा से भी दो ट्रैक्टर चोरी किए थे। पुलिस ने वे दोनों ट्रैक्टर भी बरामद कर लिए हैं। गिरोह के अन्य अपराधों के संबंध में पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में भोपाल निवासी अंकुष उइके (21), संतोष उइके (19) तथा शिवपुरी निवासी मोहर सिंह गुर्जर (40) शामिल हैं। पुलिस ने चार ट्रैक्टर और दो मोबाइल फोन सहित कुल 21.20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी योगेन्द्र सिंह दांगी, उप निरीक्षक अशोक उपाध्याय, उप निरीक्षक अरविन्द्र छारी, एएसआई पदम सिंह दांगी, साइबर सेल और थाना खुरई शहर की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More