प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसान सम्मान निधि को पांच वर्ष की अवधि बढ़ाना, किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण – भूपेन्द्र सिंह

प्रधानमंत्री  मोदी ने किसान सम्मान निधि को पांच वर्ष की अवधि बढ़ाना, किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण – भूपेन्द्र सिंह

सागर। मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री एवं खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अवधि अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ाने के केन्द्र सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी का अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय देश के करोड़ों अन्नदाताओं के हितों की रक्षा, उनकी आर्थिक मजबूती और कृषि क्षेत्र को स्थायित्व प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी कदम है।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि उनकी सरकार के विकास के केंद्र में देश का किसान है। किसान सम्मान निधि योजना को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने तथा इसके लिए लगभग 3.15 लाख करोड़ रुपये के प्रावधान को स्वीकृति देना इस बात का प्रमाण है कि केन्द्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के अपने संकल्प पर पूरी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ने देश के करोड़ों किसान परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। प्रत्येक पात्र किसान को प्रतिवर्ष मिलने वाली 6 हजार रुपये की सम्मान निधि खेती-किसानी की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती है। बीज, खाद, कीटनाशक तथा अन्य कृषि कार्यों के लिए यह सहायता किसानों के लिए समय पर उपलब्ध होने वाली बड़ी राहत साबित हुई है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचती है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और बिचैलियों की भूमिका पूरी तरह समाप्त हो गई है।

पूर्व गृह मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान क्रेडिट कार्ड के विस्तार, कृषि अवसंरचना कोष तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन जैसे अनेक कदमों ने भारतीय कृषि व्यवस्था को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान की है। आज देश का किसान स्वयं को पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित, सशक्त और सम्मानित महसूस कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है, जब वैश्विक स्तर पर कृषि क्षेत्र अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया है कि खेती करने वाले परिवारों को आर्थिक सहायता का यह क्रम बिना किसी व्यवधान के जारी रहे।

उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना का पांच वर्षों के लिए विस्तार केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि देश के अन्नदाताओं के प्रति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संवेदनशीलता, विश्वास और कृतज्ञता का प्रतीक है। इससे करोड़ों किसान परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा, कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी और विकसित भारत के निर्माण में किसानों की भागीदारी और अधिक सशक्त होगी।

Leave a Comment

Read More