डायल-112 की तत्परता से बची दो घायलों की जान, सड़क हादसों में तुरंत पहुंची पुलिस

डायल-112 की तत्परता से बची दो घायलों की जान, सड़क हादसों में तुरंत पहुंची पुलिस
सागर। सागर पुलिस की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्यप्रणाली का परिचय देते हुए अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में घायल दो लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया। दोनों मामलों में एफआरवी टीमों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया।
पहली घटना खुरई शहर थाना क्षेत्र की है, जहां खुरई रेलवे स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति के पैर पर आर्टिका कार चढ़ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही एफआरवी-27 मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुरई में भर्ती कराया। इस कार्रवाई में आरक्षक अमर वर्मा की सराहनीय भूमिका रही।
दूसरी घटना रहली थाना क्षेत्र की है, जहां सड़क दुर्घटना में घायल टीकाराम अहिरवार को डायल-112 की एफआरवी-25 ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहली में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गजेन्द्र सिंह एवं पायलट धर्मेन्द्र सिंह राजपूत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सागर पुलिस ने बताया कि डायल-112 सेवा 24 घंटे आमजन की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता के लिए सक्रिय है तथा किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों से डायल-112 का उपयोग करने की अपील की है।

Leave a Comment

Read More