मकरोनिया फ्लाईओवर की डीपीआर जल्द तैयार कराने विधायक प्रदीप लारिया ने NHAI अधिकारियों से की चर्चा

मकरोनिया फ्लाईओवर की डीपीआर जल्द तैयार कराने विधायक प्रदीप लारिया ने NHAI अधिकारियों से की चर्चा
बढ़ते यातायात दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए तकनीकी प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर
भोपाल/सागर, 10 अगस्त 2026। नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने सोमवार को भोपाल प्रवास के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मुख्य महाप्रबंधक एवं क्षेत्रीय अधिकारी एन.एल. येवतकर से मुलाकात कर मकरोनिया में प्रस्तावित फ्लाईओवर की डीपीआर शीघ्र तैयार कराने के संबंध में चर्चा की।
विधायक लारिया ने मकरोनिया क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और चौराहे पर यातायात संचालन की स्थिति को लेकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर फ्लाईओवर परियोजना को आगे बढ़ाना जरूरी है।
बैठक के दौरान फ्लाईओवर की तकनीकी व्यवहार्यता, आवश्यक सर्वेक्षण तथा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
विधायक लारिया ने संबंधित अधिकारियों से डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया, ताकि मकरोनिया क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में परियोजना को जल्द आगे बढ़ाया जा सके।
मकरोनिया में प्रस्तावित फ्लाईओवर को क्षेत्र की बढ़ती यातायात समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके निर्माण से चौराहे पर यातायात का दबाव कम होने तथा आवागमन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Comment

Read More