मारपीट की FIR न लिखे जाने से नाराज किसान ने चौराहे पर किया आत्मदाह का प्रयास

मारपीट की FIR न लिखे जाने से नाराज किसान ने चौराहे पर किया आत्मदाह का प्रयास

2 लीटर पेट्रोल डालकर लाइटर जलाने लगा युवक, पत्रकारों की सूझबूझ से टली बड़ी घटना; बाद में तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

देवरी। खाद की कालाबाजारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के बाद मारपीट का शिकार हुए किसान युवक ने पुलिस पर शिकायत पर FIR दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को देवरी के विवेकानंद चौराहे पर आत्मदाह का प्रयास किया। युवक ने अपने ऊपर करीब दो लीटर पेट्रोल डाल लिया और लाइटर जलाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पत्रकारों ने तत्काल युवक को पकड़ लिया और उसके हाथ से लाइटर छीन लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार कौशल किशोर वार्ड निवासी आशीष कोष्टी कुछ दिन पूर्व अरिहंत फर्टिलाइजर्स खाद-बीज की दुकान पर यूरिया खाद लेने गया था। युवक का आरोप है कि उसे यूरिया की बोरी 600 रुपये में दी गई। आशीष ने कथित तौर पर खाद की कीमत को लेकर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इसके बाद विवाद बढ़ गया और युवक ने खाद विक्रेता पक्ष पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की थी।
आशीष का आरोप है कि सोमवार को सतीश जैन, आयुष जैन और पीयूष जैन उसके घर पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वह मामले की शिकायत दर्ज कराने देवरी थाने पहुंचा। युवक का आरोप है कि पुलिस द्वारा तत्काल FIR दर्ज नहीं किए जाने से वह नाराज हो गया और थाने से निकलकर आत्मदाह करने का फैसला कर लिया।
युवक देवरी स्वास्थ्य केंद्र के सामने स्थित पेट्रोल पंप से दो लीटर पेट्रोल एक बोतल में लेकर विवेकानंद चौराहे पहुंचा। यहां उसने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और लाइटर जलाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान मौके पर मौजूद पत्रकार मुबीन खान और पत्रकार भूपेंद्र ठाकुर ने युवक की हरकत देख तत्काल उसे पकड़ लिया और उसके हाथ से लाइटर छीन लिया। बताया गया कि युवक ने दो बार लाइटर जलाने का प्रयास किया, लेकिन लाइटर नहीं जल सका। पत्रकारों की सतर्कता और सूझबूझ से युवक को आग लगाने से रोक लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। पुलिस ने युवक को नहलाकर कपड़े बदलवाए। इसके बाद एसडीओपी अरुण उईके ने युवक से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उसे समझाइश दी। बाद में पुलिस ने युवक की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
खाद गोदाम में मिला अवैध भंडारण, किया सील
वहीं मामले को लेकर कृषि विभाग के एसएडीओ उमाशंकर प्रजापति ने बताया कि अरिहंत फर्टिलाइजर्स के गोदाम की जांच के दौरान खाद का अवैध भंडारण पाया गया है। इसके चलते गोदाम को सील कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का पक्ष
देवरी एसडीओपी अरुण उईके ने बताया कि पीड़ित से पूरी जानकारी लेकर उसके साथ हुई मारपीट के मामले में तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है

Leave a Comment

Read More