ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर सागर में बदलेगी यातायात व्यवस्था, कटरा क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित


सागर। ईद मिलादुन्नबी और रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए सागर यातायात पुलिस ने शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। 26 अगस्त को ईद मिलादुन्नबी तथा 27 और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर कटरा बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
 26 अगस्त को सुबह 10 से रात 10 बजे तक प्रतिबंध
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर 26 अगस्त को सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक कटरा क्षेत्र में ऑटो, आपे, इलेक्ट्रिक ऑटो, चार पहिया वाहन तथा मध्यम एवं भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
甆 27 और 28 अगस्त को दोपहर 12 से रात 10 बजे तक व्यवस्था
रक्षाबंधन पर्व के चलते 27 एवं 28 अगस्त को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक इन्हीं श्रेणी के वाहनों का कटरा क्षेत्र में प्रवेश निषिद्ध रहेगा। भीड़ की स्थिति को देखते हुए प्रतिबंध की अवधि को आवश्यकता अनुसार आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
 इन स्थानों से भी नहीं मिलेगा प्रवेश
यातायात पुलिस के अनुसार प्रतिबंधित वाहनों को तीन मढ़िया, राधा तिराहा, राहतगढ़ बस स्टैंड, कोतवाली थाना परिसर, राहतगढ़ वनवे और मोतीनगर चौराहा से बड़ा बाजार होते हुए कटरा क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
️ कटरा-तीन बत्ती मार्ग पर पार्किंग पर भी सख्ती
कटरा से तीन बत्ती तक स्थायी रूप से पार्क किए गए वाहनों को तत्काल हटाकर म्युनिसिपल स्कूल अथवा निजी पार्किंग स्थलों में खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क पर वाहन खड़े मिलने पर यातायात पुलिस द्वारा उन्हें क्रेन की मदद से हटाया जाएगा। क्रेन से वाहन हटाने के दौरान होने वाली संभावित क्षति की जिम्मेदारी वाहन स्वामी की होगी।
 दोपहिया और आपातकालीन वाहनों को छूट
यह यातायात व्यवस्था दो पहिया वाहनों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों पर लागू नहीं होगी। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी।
यातायात पुलिस ने सागर शहर के नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान निर्धारित यातायात प्रतिबंधों का पालन करें, अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन लेकर न जाएं और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Comment

Read More