नगर निगम की वसूली ठेके पर देने का कांग्रेस ने किया विरोध नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव बोले- निजी हाथों में वसूली देना जनता की जेब पर डाका डालने जैसा


सागर। नगर निगम की टैक्स वसूली को टैक्स कलेक्टरों के माध्यम से कराने के बजाय ठेके पर दिए जाने की तैयारी का कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव ने जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष महेश जाटव से चर्चा के बाद इस प्रस्तावित व्यवस्था को पूरी तरह अनुचित बताया।
बाबू सिंह बब्बू यादव ने आरोप लगाया कि सागर नगर निगम अपने मूल सिद्धांतों से भटक रहा है और शहरवासियों से होने वाली वसूली को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की वसूली ठेके पर देना जनता की जेब पर डाका डालने जैसा होगा।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि शहर के वार्डों में टैक्स की वसूली निजी ठेकेदारों के माध्यम से कराई जाएगी तो नगर निगम में कार्यरत टैक्स कलेक्टरों की भूमिका क्या रह जाएगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि टैक्स कलेक्टरों का काम ही समाप्त किया जा रहा है तो उनकी तनख्वाह की जिम्मेदारी भी नगर निगम कमिश्नर स्वयं लेने की घोषणा करें।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्षदों का मानना है कि नगर निगम की स्थिति ऐसी हो गई है कि इसे भंग करने की नौबत दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में नगर निगम में बैठे प्रमुख अधिकारियों और बड़े जनप्रतिनिधियों की भूमिका लगातार कमजोर होती जा रही है तथा जनहित में निर्णय लेने की इच्छाशक्ति समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को बाबू और अधिकारी चला रहे हैं।
वहीं जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि नगर निगम की वसूली को ठेके पर देने की व्यवस्था शुरू की गई तो कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि टैक्स वसूली की वर्तमान व्यवस्था को निजी हाथों में सौंपने के प्रस्ताव पर तत्काल रोक लगाई जाए और जनहित को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लिया जाए।

Leave a Comment

Read More