बीना में खाद्य विभाग की छापेमार कार्रवाई, मिठाई दुकानों से लिए  खाद्य पदार्थों के नमूने


खुले में रखी जलेबी-इमरती में मिली मक्खियां, मौके पर नष्ट कराया खाद्य पदार्थ
बीना/सागर, 26 अगस्त 2026। रक्षाबंधन एवं आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष जांच अभियान शुरू किया है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम लगातार मिष्ठान प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा एवं शीतल सिंह की टीम ने बीना के सर्वोदय चौक, गांधी तिराहा सहित प्रमुख क्षेत्रों में स्थित मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। टीम ने राजहंस स्वीट्स एवं शिमला स्वीट्स से मावा बर्फी, बेसन लड्डू, बर्फी एवं मावा के नमूने लिए।
वहीं बीकानेर स्वीट्स, गांधी तिराहा से मावा एवं नमकीन तथा नटराज होटल से डोडा बर्फी, मूंग बर्फी एवं सेलिब्रेशन गिफ्ट पैक के नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राजहंस स्वीट्स पर खुले में रखी जलेबी एवं इमरती में मक्खियां पाई गईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने अस्वच्छ खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया और संचालक को खाद्य पदार्थ ढंककर तथा स्वच्छ वातावरण में रखने के निर्देश दिए। लापरवाही दोबारा पाए जाने पर नियमानुसार लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी मिष्ठान विक्रेताओं को त्योहारों के दौरान मांग के अनुरूप सीमित मात्रा में मिठाइयों का निर्माण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बासी एवं गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री के विक्रय पर रोक लगाई जा सके।
विभाग का कहना है कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

Read More