
(कर्रापुर में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर, कलेक्टर प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया रहे उपस्थित)
कर्रापुर, 29 अगस्त 2026;
नरयावली विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत कर्रापुर में शनिवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविर जनसमस्याओं के समाधान, शासन की योजनाओं की पहुंच और प्रशासन के प्रति आमजन के विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बना। शिविर में नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया, कलेक्टर प्रतिभा पाल एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया की गरिमामय उपस्थिति रही।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आम नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई। विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जनहित से जुड़े विषयों की जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान विधायक लारिया ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि आमजन को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
विधायक लारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त सेतु है। अभियान का मूल उद्देश्य यही है कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ सहज, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से मिले। सरकार की मंशा है कि प्रशासनिक सेवाएं केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि गांव और नगर स्तर तक पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करें।
जनता के विश्वास का केंद्र बना शिविर
कर्रापुर में आयोजित शिविर की विशेषता यह रही कि यहां बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं को लेकर पहुंचे। विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपनी बात अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखी और समाधान की उम्मीद जताई।
राजनीतिक दृष्टि से भी शिविर की व्यापक सहभागिता चर्चा का विषय रही। जिन राजनीतिक विचारधाराओं के लोग अब तक अलग-अलग मंचों पर अपनी बात रखते रहे हैं, वे भी जनसमस्याओं के समाधान के लिए इसी शिविर में पहुंचकर अपनी बात प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखते दिखाई दिए। यह दृश्य इस बात का संकेत माना जा रहा है कि विकास और समस्या समाधान की राजनीति के सामने राजनीतिक सीमाएं गौण हो रही हैं तथा जनता के बीच उपलब्ध रहने वाला मंच ही वास्तविक जनविश्वास का केंद्र बनता जा रहा है।
नरयावली विधानसभा क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने वाले विधायक इंजी. प्रदीप लारिया की मौजूदगी में आयोजित इस शिविर ने यह संदेश भी दिया कि जनता की समस्या किसी दल की नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी है। यही कारण रहा कि अलग-अलग राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े लोग भी अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर शिविर तक पहुंचे।
शिविर में मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी- कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











