खेत के पानी के विवाद में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, दो पर FIR


सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक हत्या का मामला सामने आया जहां ग्राम पाडेर में खेत के पानी को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक वृद्ध की जान ले ली। दो आरोपियों ने लोहे के पाइप और लाठियों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि फरियादी ऊधम सिंह रैकवार (35) निवासी ग्राम पाडेर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे उसके पिता मानकलाल रैकवार (60) घर से शौच के लिए निकले थे।
खिरका मोहल्ला में रामदयाल रैकवार के घर के पास से अचानक पिता के चिल्लाने की आवाज आई। आवाज सुनकर ऊधम और उसकी मां मीना बाई मौके पर पहुंचे तो देखा कि गांव के ही कुछ लोग द्वारा उनके पिता से गाली-गलौज कर रहे थे। विवाद इस बात को लेकर था कि तुम्हारे खेत का पानी हमारे खेत में क्यों आता है।
कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया। एक आरोपी ने लोहे के पाइप से और दूसरे आरोपी ने लाठी से मानकलाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दोनों ने जान से मारने की नीयत से पीठ और शरीर पर लगातार वार किए। परिजनों ने बीच-बचाव कर डायल-112 को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल मानकलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़ाकोटा लाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर एएसआई प्रेमनारायण शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर देहाती नालिसी दर्ज की। इसके बाद गढ़ाकोटा थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है
और आरोपी की तलाशी की जा रही है
गढ़ाकोटा से यूनिस खान की रिपोर्ट

Leave a Comment

Read More