
गढ़ाकोटा पुलिस ने लोहे का पाइप और डंडा किया बरामद, आरोपी को भेजा जेल
सागर, 29 अगस्त 2026।
सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र में खेत में पानी बहाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान लोहे के पाइप और डंडे से मारपीट कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को गढ़ाकोटा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप एवं डंडा भी बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार 26 अगस्त 2026 को ग्राम पाण्डेर निवासी ऊधम सिंह रैकवार ने थाना गढ़ाकोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि खेत में पानी बहाने की बात को लेकर उसके पिता मानकलाल रैकवार का उनके चाचा मंझले उर्फ कन्हई रैकवार एवं भतीजे रमेश रैकवार से विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों द्वारा मानकलाल रैकवार के साथ लोहे के पाइप और डंडे से मारपीट की गई। गंभीर चोटों के चलते मानकलाल की मृत्यु हो गई।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गढ़ाकोटा में अपराध क्रमांक 634/26, धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित की गई विशेष टीम
हत्या की गंभीर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना गढ़ाकोटा पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार मैदानी एवं तकनीकी स्तर पर प्रयास किए और उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई।
48 घंटे में आरोपी पुलिस गिरफ्त में
पुलिस की लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप 28 अगस्त 2026 को आरोपी रमेश पिता कन्हई उर्फ मंझले रैकवार, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम पाण्डेर, थाना गढ़ाकोटा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल लोहे का पाइप एवं डंडा भी बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह तिवारी, उप निरीक्षक राजाराम धुर्वे, सहायक उप निरीक्षक प्रेमनारायण शुक्ला सहित थाना गढ़ाकोटा के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा सायबर सेल के प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार और आरक्षक हेमेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हत्या जैसे गंभीर अपराध में पुलिस द्वारा घटना के तत्काल बाद कार्रवाई शुरू कर फरार आरोपी तक पहुंचना और 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी करना पुलिस की त्वरित कार्रवाई को दर्शाता है। सागर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रभावी अनुसंधान के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।











