15 साल से फरार स्थाई वारंटी रफीक गिरफ्तार, गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई


सागर, 29 अगस्त 2026। थाना गोपालगंज पुलिस ने पुराने एवं स्थाई गिरफ्तारी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने वर्ष 2011 से स्थाई गिरफ्तारी वारंट में फरार चल रहे 66 वर्षीय वारंटी रफीक को शनीचरी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी गोपालगंज श्री घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
वर्ष 2011 में जारी हुआ था स्थाई गिरफ्तारी वारंट
गिरफ्तार वारंटी की पहचान रफीक पिता अब्दुल सलाम, उम्र 66 वर्ष, निवासी हनुमान मंदिर के पास, शनीचरी, थाना गोपालगंज, जिला सागर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार रफीक के विरुद्ध थाना गोपालगंज के अपराध क्रमांक 294/97 एवं प्रकरण क्रमांक 1477/07 में माननीय न्यायालय द्वारा 10 अगस्त 2011 को स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। वारंटी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था और पुलिस उसकी लगातार पतारसी कर रही थी।
सूचना मिलते ही घर पर दी दबिश
पुराने स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चल रहे अभियान के दौरान पुलिस को रफीक के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई। सूचना की तस्दीक एवं गिरफ्तारी के लिए उपनिरीक्षक नीरज जैन, आरक्षक 933 आनंद के साथ गोपालगंज एवं शनीचरी क्षेत्र में रवाना हुए। कार्रवाई के दौरान आरक्षक 1080 मनोज को भी टीम में शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर तलाश करते हुए शनीचरी स्थित रफीक के घर पर दबिश दी, जहां वह मौजूद मिला। पहचान एवं अभिलेखों का सत्यापन करने के बाद स्थाई गिरफ्तारी वारंट की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर थाना गोपालगंज लाया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद वारंटी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुराने वारंटियों पर पुलिस की पैनी नजर
गोपालगंज पुलिस द्वारा लंबे समय से लंबित स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की तामीली को प्राथमिकता देते हुए विशेष अभियान जारी रखा गया है। पुलिस द्वारा फरार वारंटियों की पतारसी, निगरानी और उनके संभावित ठिकानों की लगातार जांच की जा रही है।
15 वर्ष से अधिक पुराने स्थाई गिरफ्तारी वारंट की तामीली को गोपालगंज पुलिस की प्रभावी पतारसी और सतत कार्रवाई की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक नीरज जैन, आरक्षक 933 आनंद एवं आरक्षक 1080 मनोज की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More