नाबालिग को ब्लैकमेल कर लाखों की चोरी कराने वाले गिरोह का खुलासा


बीना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 13 लाख नकद और 250 ग्राम सोने के आभूषण समेत 54.37 लाख का मशरूका बरामद
सागर/बीना, 29 अगस्त 2026। सागर जिले की बीना थाना पुलिस ने चोरी के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने फरियादी परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल कर एवं जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया और इसी के जरिए लाखों रुपये की चोरी कराई। मामले में पुलिस ने करीब 13 लाख रुपये नकद तथा लगभग 40 तोला सोने के आभूषण चोरी किए जाने का खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बीना अजय कुमार सनकत के नेतृत्व में थाना बीना पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुराने पैतृक मकान से गायब हुआ था सामान
पुलिस के मुताबिक फरियादी परिवार वर्तमान में अपने नए मकान में रह रहा था, जबकि पुराने पैतृक मकान में नगदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। 17 जून 2026 को पुराने मकान में सामान की जांच की गई तो नगदी और कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद थाना बीना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल की जांच, आसपास के लोगों से पूछताछ, संदिग्धों की तस्दीक और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया।
नाबालिग को धमकाकर कराई चोरी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी आयुष मैना निवासी बीना द्वारा फरियादी परिवार के नाबालिग को ब्लैकमेल किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर दबाव में रखा और इसी दबाव के माध्यम से चोरी की वारदात कराई।
पूछताछ में आरोपी ने करीब 13 लाख रुपये नकद और लगभग 40 तोला सोने के आभूषण लेने की बात बताई। चोरी की रकम से आरोपी ने वाहन, मोबाइल फोन और घरेलू सामान खरीदा था।
मामा को दिए थे सोने के जेवर
पुलिस के अनुसार आरोपी आयुष ने चोरी से प्राप्त सोने के आभूषण अपने मामा अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को दिए थे। पुलिस ने अंकुश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए।
बरामद जेवरात में सोने का हार, चैन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, पेंडल, गिन्नी, कड़े और मंगलसूत्र सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 38 से 40 लाख रुपये बताई गई है।
कार, बाइक, आईफोन और घरेलू सामान भी बरामद
आरोपी आयुष मैना के कब्जे से पुलिस ने चोरी की रकम से खरीदी गई कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और घरेलू सामान बरामद किया। बरामद सामान में—
आईफोन 17 प्रो मैक्स और आईफोन 15
वीवो मोबाइल
हुंडई वरना कार
रॉयल इनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल
मारुति सुजुकी अर्टिगा
एसी और एलईडी टीवी
साउंड बॉक्स, कुर्सियां और लकड़ी का बेड
लोहे का गेट, स्टेबलाइजर व अन्य सामान
दो बड़े चाकू सहित अन्य सामग्री
शामिल हैं। पुलिस ने अन्य बरामद सामान की अनुमानित कीमत 16.37 लाख रुपये बताई है।
कुल 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद
बीना पुलिस के अनुसार अब तक करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण और 16.37 लाख रुपये कीमत का अन्य मशरूका, यानी कुल लगभग 54.37 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की जा चुकी है। चोरी की रकम से खरीदी गई अन्य संपत्ति एवं शेष रकम के संबंध में कार्रवाई जारी है।
मामले में आयुष मैना निवासी बीना और अंकुश बाल्मीक निवासी गुना को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं पुलिस के अनुसार सहयोगी आरोपी सतीश अहिरवार निवासी शिवाजी वार्ड बीना और मोनू पाल निवासी गुना को न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में निरीक्षक अनूप यादव, उपनिरीक्षक लखन राज, उपनिरीक्षक कस्तूरी अहिरवार, प्रधान आरक्षक विजय गौतम, राजेश पटेल, सौरभ रैकवार, आरक्षक संदीप यादव, दीप सिंह भदौरिया, बाबूलाल अहिरवार, राहुल सोलंकी, भूपेंद्र परिहार सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

Read More