
सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ सागर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में बहेरिया पुलिस ने 29 अगस्त को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध जहरीली अवैध शराब और महुआ लहान नष्ट किया, वहीं सत्यम होटल परिसर से अवैध शराब सहित कुल ₹7,500 का मशरूका बरामद किया।
कर्रापुर में जहरीली शराब बरामद
बहेरिया पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि कर्रापुर कस्बे में एक व्यक्ति मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक संदिग्ध शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर एक व्यक्ति घर के पास सफेद प्लास्टिक का कुप्पा छोड़कर फरार हो गया।
तलाशी में कुप्पे से करीब 5 लीटर मटमैले रंग की तीखी गंध वाली संदिग्ध जहरीली शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹500 बताई गई है। आसपास पूछताछ में फरार व्यक्ति की पहचान सेवक अहिरवार के रूप में हुई।
पुलिस ने उसके घर के आंगन की तलाशी ली, जहां अलग-अलग कुप्पों में अवैध देशी शराब बनाने के लिए रखा महुआ लहान मिला। पुलिस ने महुआ लहान को मौके पर नष्ट कर दिया और संदिग्ध शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 49(ए) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है।
सत्यम होटल परिसर में अवैध शराब बिक्री का खुलासा
दूसरी कार्रवाई एनएच-44 स्थित सत्यम होटल परिसर में की गई। पुलिस को यहां अवैध रूप से शराब बिक्री की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर होटल के पास बने टपरे से एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सहेन्द्र यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सडेरी बताया। तलाशी के दौरान टपरे में काउंटर के नीचे गोवा व्हिस्की के 27 पाव, कीमत करीब ₹3,000, बरामद हुए। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त ₹4,500 नगद भी पुलिस ने जब्त किए।
इस तरह आरोपी के कब्जे से कुल ₹7,500 का मशरूका बरामद हुआ। शराब रखने और बेचने का वैध लाइसेंस नहीं मिलने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई जारी
सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी उनि. शशिकांत गुर्जर सहित बहेरिया थाना पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











