हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्म दिवस खेल परिसर में खेल उत्सव के रूप में मनाया गया

सागर 29 अगस्त 2026

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस के अंतर्गत 29 अगस्त 2026 को खेल एवं युवा कल्याण विभाग, खेल परिसर सागर के हॉकी टर्फ खेल मैदान में हर्षोल्लास के साथ खेल दिवस को खेल उत्सव के रूप में मनाया गया।खेल उत्सव का आयोजन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 28 अगस्त 2026 को खेल विभाग में संचालित हॉकी फीडर सेंटर एवं खेलो इंडिया हॉकी स्मॉल सेंटर के बालक-बालिका खिलाड़ियों के मध्य मैच से शुरू किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी एडवोकेट वीनू राणा, संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती शर्मिला डाबर, जिला हॉकी संघ सागर के सचिव श्री मकसूद खान एवं विभाग के समस्त प्रशिक्षक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने सर्वप्रथम मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। तदुपरांत कार्यक्रम में उपस्थित सभी खिलाड़ियों से अतिथियों द्वारा परिचय प्राप्त किया गया।

इसके पश्चात हॉकी मैच शुरू कर खेल उत्सव की शुरुआत की गई। साथ ही खेल परिसर में संचालित अन्य खेलों के खिलाड़ियों के मध्य मैत्री मैच का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विभागीय प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों तथा जिला हॉकी संघ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में संभागीय खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी शर्मिला डाबर द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Comment

Read More