
सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल सहित अन्य स्कूलों में परीक्षा आयोजन पर जताई आपत्ति, पर्व के पहले या बाद परीक्षा कराने की मांग
सागर, 1 सितंबर 2026।
मध्यप्रदेश पालक महासंघ की जिला इकाई सागर ने गणेशोत्सव एवं पर्युषण पर्व के दौरान स्कूलों में आयोजित की जा रही परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की है। इस संबंध में महासंघ द्वारा जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी सागर को पत्र सौंपकर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई है।
मध्यप्रदेश पालक महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धरणेन्द्र जैन ने बताया कि अभिभावकों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल सागर सहित कुछ अन्य स्कूलों में गणेशोत्सव एवं पर्युषण पर्व के दौरान परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। महासंघ का कहना है कि पर्व एवं उत्सव की अवधि में परीक्षा आयोजित किया जाना विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि गणेशोत्सव एवं पर्युषण पर्व 14 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक चलेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना, साधना और उपवास करते हैं। शहर से लेकर गांवों तक धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण रहता है। जगह-जगह भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित कर पंडाल लगाए जाते हैं, वहीं जैन मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन होते हैं।
महासंघ के अनुसार इस अवधि में विभिन्न स्थानों पर भजन, धार्मिक कार्यक्रम एवं ईश्वर की आराधना के आयोजन होते हैं। ऐसे वातावरण में विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय और अनुकूल वातावरण नहीं मिल पाता।
धार्मिक पर्व के पहले या बाद कराई जाए परीक्षा
जिला अध्यक्ष अधिवक्ता रामदास राज ने कहा कि भक्तिमय माहौल में बच्चे परीक्षा की विशेष तैयारी नहीं कर पाते, क्योंकि अभिभावक और विद्यार्थी धार्मिक गतिविधियों में भी व्यस्त रहते हैं। ऐसे में स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं का आयोजन पर्व की अवधि से पहले अथवा बाद में करना चाहिए।
संघ के सचिव वीरेंद्र सिंह राजपूत, संगठन मंत्री भूपेंद्र राठौर, लक्ष्मीकांत राज सहित अन्य पदाधिकारियों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिला शिक्षा अधिकारी के नाम पत्र सौंपा। इसके साथ ही जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम भी पत्र दिया गया।
पालक महासंघ ने मांग की है कि सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल सहित जिले के जिन भी स्कूलों में 14 से 25 सितंबर के बीच परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, उन्हें आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं कि परीक्षाएं गणेशोत्सव एवं पर्युषण पर्व की अवधि के पहले या बाद में आयोजित की जाएं।











