नवरात्रि पर मालथौन-बांदरी को बड़ी सौगात: अब हर घर पहुंचेगा नल से शुद्ध जल

SHARE:

नवरात्रि पर मालथौन-बांदरी को बड़ी सौगात: अब हर घर पहुंचेगा नल से शुद्ध जल
सागर। खुरई विधानसभा क्षेत्र की मालथौन और बांदरी नगर परिषदों में नवरात्रि के अवसर पर हर घर नल से जल योजना का शुभारंभ होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल से जल जीवन मिशन के तहत मिलने जा रही इस सुविधा से दोनों नगर परिषदों के रहवासियों को घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रयासों से दोनों नगर परिषदों की जल प्रदाय योजनाओं के लिए आवश्यक सुरक्षा निधि की कुल ₹1 करोड़ 53 लाख 46 हजार 210 की राशि एमपीयूडीसी के माध्यम से जमा करा दी गई है।
बांदरी को 4.27 एमएलडी और मालथौन को 3.79 एमएलडी पानी
मप्र जल निगम परियोजना क्रियान्वयन इकाई सागर द्वारा क्रियान्वित मालथौन समूह जल प्रदाय योजना से मप्र अर्बन डेवलपमेंट कंपनी को जल शोधन केंद्र से 4.27 एमएलडी क्लीयर वाटर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए ₹81,29,945 की राशि एमपीयूडीसी द्वारा जमा की जा चुकी है। इससे बांदरी जल प्रदाय योजना को शुद्ध जल की सप्लाई की जाएगी।
इसी प्रकार मालथौन जल प्रदाय योजना के लिए जल शोधन केंद्र से 3.79 एमएलडी क्लीयर वाटर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए ₹72,16,265 का भुगतान किया गया है।
इस तरह दोनों नगर परिषदों में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
माताओं-बहनों को सबसे बड़ी राहत
खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने मालथौन और बांदरी नगर परिषदों को नवरात्रि पर मिलने जा रही इस सौगात के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प के कारण घर-घर नल से शुद्ध जल पहुंचाने की सुविधा मिल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी योजना के समय पर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि बांदरी और मालथौन क्षेत्र पिछले कई दशकों से गंभीर जल समस्या से जूझ रहे थे। इसका सबसे अधिक कष्ट माताओं और बहनों को उठाना पड़ता था। नवरात्रि के अवसर पर घर तक शुद्ध पानी पहुंचने की सुविधा उनके लिए विशेष राहत लेकर आ रही है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें