सेना भर्ती रैली का छठा दिन: 879 अभ्यर्थियों में 581 ने दौड़ में मारी बाजी, अगले चरण में प्रवेश

SHARE:


सागर, 06 अक्टूबर 2026। इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर में सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर द्वारा आयोजित वार्षिक अग्निवीर भर्ती रैली के छठे दिन युवाओं में देशसेवा का जज्बा और अनुशासन देखने को मिला। 01 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2026 तक चल रही भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में युवा उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं।
छठे दिन कुल 879 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें से कड़ी शारीरिक प्रतिस्पर्धा के बाद 581 अभ्यर्थियों ने दौड़ में सफलता हासिल की। यह उपस्थित अभ्यर्थियों का 66.10 प्रतिशत है।
दौड़ में सफल अभ्यर्थियों का अब बायोमेट्रिक सत्यापन और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके बाद अभ्यर्थियों को शारीरिक प्रवीणता परीक्षण, शारीरिक मापदंड और मेडिकल जांच सहित चयन प्रक्रिया के अगले चरणों से गुजरना होगा।
अभ्यर्थियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था
भर्ती रैली में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए होटल पैराडाइज के पीछे स्थित शिव पार्वती मैरिज गार्डन में ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन और सेना भर्ती कार्यालय ग्वालियर के संयुक्त समन्वय से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और सुरक्षित वातावरण में संचालित किया जा रहा है।
दलालों से सावधान रहने की अपील
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट रूप से आगाह किया है कि भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी है तथा चयन योग्यता और मेरिट के आधार पर ही किया जाता है।
भर्ती प्रक्रिया में दलाली या किसी भी प्रकार के अनुचित साधन की कोई जगह नहीं है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी अनधिकृत व्यक्ति या दलाल के झांसे में न आएं। सेना में भर्ती के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी निष्ठा, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
भारत न्यूज़ 24 live.com — सागर

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें