बीना में 64 लीटर अवैध शराब के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार

SHARE:


सोशल मीडिया पर हथियार लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की थी आरोपी पर लगातार नजर, बाइक समेत ₹85 हजार का मशरूका जब्त


सागर/बीना। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ सागर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत थाना बीना पुलिस ने एक आदतन अपराधी को 64 लीटर देशी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल सहित करीब ₹85 हजार का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में जिले में आदतन एवं सक्रिय अपराधियों की निगरानी के साथ-साथ अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बीना अजय सनकत के नेतृत्व में बीना पुलिस ने मुखबिर सूचना पर ग्राम रूपऊ रोड पर घेराबंदी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रितिक यादव पिता दातार सिंह यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी भगत सिंह वार्ड, बीना को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 64 लीटर देशी अवैध शराब बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त पुरानी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
हथियार लहराने का वीडियो हुआ था वायरल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध पूर्व में हत्या, लूट, अवैध हथियार रखने और मारपीट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर आरोपी का अवैध हथियार लहराते हुए वीडियो सामने आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी।
अवैध हथियार के मामले में जेल से बाहर आने के बाद भी पुलिस द्वारा उसकी गतिविधियों की निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान सक्रिय सूचना तंत्र और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी को अवैध शराब के साथ पकड़ लिया गया।
शराब के स्रोत और खपाने की योजना की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी 64 लीटर अवैध शराब कहां से लेकर आया था और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। शराब के स्रोत तथा इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
जनसहयोग से मजबूत हो रहा पुलिस का सूचना तंत्र
थाना प्रभारी बीना अनूप यादव ने बताया कि जन चौपाल और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। नागरिक अब संदिग्ध गतिविधियों और अवैध नशे के कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचा रहे हैं। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों की रोकथाम में लगातार सफलता मिल रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी अनूप यादव, उप निरीक्षक लखनराज, सहायक उप निरीक्षक प्रीति थापा, प्रधान आरक्षक गजेंद्र मिश्रा, आरक्षक प्रेमजीत, भूपेंद्र सोलंकी, सूरज शर्मा, बृजेन्द्र सिंह, अर्पित मिश्रा, भानू तोमर एवं दिनेश राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुख्य तथ्य:
64 लीटर देशी अवैध शराब जब्त
आरोपी रितिक यादव गिरफ्तार
मोटरसाइकिल भी जब्त
कुल मशरूका करीब ₹85,000
आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज
अवैध हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें