खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक में घुसा था आरोपी, कैश वॉल्ट तोड़ने की कोशिश नाकाम; चोरी का मोबाइल, साइकिल और लोहे की रॉड बरामद
सागर। जिले के ढाना स्थित आर्मी कैंप की एनसीओ एकेडमी परिसर में संचालित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना ढाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 36 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बैंक से एक रेडमी 9A मोबाइल फोन चोरी कर ले गया था और उसने कैश वॉल्ट का लॉक तोड़ने का भी प्रयास किया था, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो सका।
खिड़की की ग्रिल काटकर बैंक में किया प्रवेश
पुलिस के अनुसार, 11 और 12 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात आरोपी ने आर्मी कैंप की एनसीओ एकेडमी परिसर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को निशाना बनाया। आरोपी ने कथित तौर पर चेहरा ढककर बैंक की खिड़की की ग्रिल कटर से काटी और अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद उसने बैंक में रखा रेडमी 9A मोबाइल फोन चोरी कर लिया।
आरोपी ने भारी लोहे की रॉड से कैश वॉल्ट का लॉक तोड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन वॉल्ट नहीं तोड़ पाया। सुबह बैंक कर्मचारियों को घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
संदेह के आधार पर पूछताछ, आरोपी ने कबूली वारदात
घटना की सूचना मिलते ही थाना ढाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध नकबजनी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की गई। संदेहियों से पूछताछ और लगातार पतासाजी के दौरान पुलिस को प्रदीप कुर्मी, पिता पुरुषोत्तम कुर्मी, उम्र 26 वर्ष, निवासी उदयपुरा, ढाना पर संदेह हुआ।
पुलिस के मुताबिक, सघन पूछताछ में आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि वह घटना वाली रात साइकिल से लोहे की रॉड लेकर आया था। इसके बाद आर्मी कैंप की फेंसिंग तोड़कर परिसर में प्रवेश किया और बैंक की खिड़की की ग्रिल काटकर अंदर घुसा था।
चोरी का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया रेडमी 9A मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई साइकिल और लोहे की रॉड भी जब्त की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
नकबजनी की वारदात का 36 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना ढाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में उप निरीक्षक सत्यव्रत धाकड़, प्रधान आरक्षक नरेंद्र जादौन, आरक्षक कामेश, आरक्षक संजय गुर्जर और आरक्षक अभिषेक सेन शामिल रहे।
सागर पुलिस की नागरिकों से अपील
सागर पुलिस ने नागरिकों और संस्थानों से अपनी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों को चालू हालत में रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
सागर पुलिस का कहना है कि जिले में चोरी और नकबजनी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी है।
भारत न्यूज़ 24 live.com — हम केवल सच्चाई ही दिखाते हैं।







