औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों ने सीखा व्यावहारिक ज्ञान, साइबर सुरक्षा के गुर भी जाने

SHARE:

दुग्ध उत्पादन इकाई और हथकरघा उद्योग का किया अवलोकन, देवरी थाने में पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के बताए तरीके

सागर। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक जीवन का व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जमुनिया चिखली के विद्यार्थियों का औद्योगिक एवं शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत आयोजित इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने जहां दुग्ध उत्पादन इकाई और हथकरघा उद्योग की कार्यप्रणाली को करीब से समझा, वहीं देवरी पुलिस थाने में साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त कीं।

भ्रमण के लिए विद्यालय परिसर से विद्यार्थियों के दल को हरी झंडी दिखाकर बस के माध्यम से रवाना किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को बीना जी में स्थित शांति धारा दुग्ध उत्पादक इकाई एवं हथकरघा उद्योग का अवलोकन कराया गया। यहां विद्यार्थियों ने दुग्ध उत्पादन की प्रक्रिया, उद्योगों के संचालन और हथकरघा से तैयार होने वाले उत्पादों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने बिना जी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए।

भ्रमण का एक महत्वपूर्ण पड़ाव देवरी पुलिस थाना रहा। यहां पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों से अवगत कराते हुए साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने के तरीके बताए। विद्यार्थियों को समझाया गया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, ओटीपी साझा करने और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से किस प्रकार आर्थिक नुकसान हो सकता है। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका की जानकारी भी दी गई।

इस शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के कुल 62 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक गतिविधियों से परिचित कराना, उनके कौशल और व्यावहारिक समझ को विकसित करना तथा उन्हें डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक बनाना रहा।

संपूर्ण कार्यक्रम विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य भरत सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अरुण कुमार दुबे, इंद्रपाल सिंह लोधी, श्रद्धा जैन, अंजलि दांगी एवं व्यावसायिक शिक्षक डॉ. अरविंद यादव उपस्थित रहे। शिक्षकों के निर्देशन में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन कर महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस तरह के औद्योगिक एवं शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर देते हैं। इससे उनमें ज्ञान, कौशल, आत्मविश्वास और व्यावहारिक सोच का विकास होता है

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें