
सागर। देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं देश के प्रथम गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर जिला शहर कांग्रेस सेवादल द्वारा जिला चिकित्सालय सागर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर दोनों महान नेताओं को सार्थक श्रद्धांजलि अर्पित की।
अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष वी.बी. श्रीनिवासन, प्रदेश प्रभारी प्रताप नारायण मिश्रा, सह प्रभारी सी.पी. गौतम एवं प्रदेश सेवादल अध्यक्ष अवनीश भार्गव के आह्वान पर जिला शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे के नेतृत्व में यह आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सेवादल महासचिव विजय साहू ने कहा कि इंदिरा गांधी देश की ऐसी प्रधानमंत्री थीं, जिनके जैसा नेतृत्व विरले ही देखने को मिलता है। उनके साहसिक निर्णयों और दृढ़ नेतृत्व ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान को नई ऊंचाई दी। उनका योगदान देश के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा।
शहर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने इंदिरा गांधी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी राजनीतिक कुशलता, दूरदर्शिता और अदम्य साहस से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने कहा कि आज सभी कांग्रेसजनों का कर्तव्य है कि इन महान नेताओं के आदर्शों पर चलते हुए लोकतंत्र, संविधान और देश की गंगा-जमुनी तहजीब की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करें। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कई बार गंभीर बीमारी, दुर्घटना अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में रक्तदाताओं का योगदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
इन रक्तदाताओं ने किया रक्तदान
शिविर में पवन घोषी, अंकुर यादव, अन्नू घोसी, परख शुक्ला, शिवम तिवारी, पंकज सोनी, अमन केसरवानी, दीपक दुबे, आयुष सेन, रोहित रैकवार एवं हर्षित पटेल सहित अन्य लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में लीलाधर सूर्यवंशी, हरिश्चंद्र सोनवार, राजा सेन, शरद पुरोहित, लल्ला यादव, आनंद हेला, प्रवीण यादव सहित कांग्रेस सेवादल के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रक्तदान के माध्यम से आयोजित इस सेवा कार्य ने यह संदेश दिया कि महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को केवल याद करना ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा के कार्यों के माध्यम से उन्हें अपने जीवन में उतारना भी सच्ची श्रद्धांजलि है।







