सुरखी में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रबुद्धजन संवाद, एसआईआर पर हुआ मंथन

SHARE:

सांसद डॉ. लता वानखेड़े बोलीं– लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया जरूरी

श्याम तिवारी और हीरा सिंह राजपूत ने भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं जनजागरूकता पर रखे विचार

सागर। भारतीय जनता पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत सुरखी विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक सुखदेव मिश्र ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिवक्ता महेश नेमा, अधिवक्ता वर्षा सिंह सहित उपस्थित प्रबुद्धजनों ने भी अपने सुझाव और विचार साझा किए।

संवैधानिक संस्थाओं पर विश्वास लोकतंत्र की ताकत : डॉ. लता वानखेड़े

मुख्य वक्ता सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इसकी सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास तथा संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता है। लोकतंत्र में चुनावी हार-जीत स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन राजनीतिक स्वार्थ के लिए निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना चिंताजनक है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने राजनीतिक इतिहास और आपातकाल के दौर को भी याद करना चाहिए, जब लोकतांत्रिक अधिकारों पर प्रतिबंध लगाए गए थे। मतदाता सूची का शुद्धिकरण निष्पक्ष चुनाव की आवश्यक प्रक्रिया है। प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिले और अपात्र नामों की नियमानुसार जांच हो, यही स्वस्थ लोकतंत्र की आधारशिला है।

उन्होंने प्रबुद्धजनों से एसआईआर के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने, भ्रांतियां दूर करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति विश्वास मजबूत करने की अपील की।

चुनावी हार का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ना उचित नहीं : श्याम तिवारी

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता प्राप्त करने का संवैधानिक मार्ग जनता का विश्वास और जनादेश है। चुनावी पराजय के बाद बिना ठोस प्रमाण संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है। कांग्रेस को भ्रम और आरोपों की राजनीति के बजाय तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचकर लोकतांत्रिक मूल्यों तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण के महत्व को लेकर जनजागरण करेंगे।

मतदाता सूची की शुद्धता के लिए समाज की सहभागिता जरूरी : हीरा सिंह राजपूत

जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक मतदाता है। निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता बेहद जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और किसी भी पात्र मतदाता का नाम त्रुटिवश न छूटे, इसके लिए व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान नागरिकों को सही जानकारी उपलब्ध कराने, त्रुटियों में सुधार और पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सामाजिक संगठनों एवं प्रबुद्धजनों की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष निकेश गुप्ता ने किया तथा आभार पूर्व जिला अध्यक्ष हरिराम सिंह ठाकुर ने व्यक्त किया।

जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, मनीष चौबे, विक्रम सोनी, अभियान मीडिया प्रबंधन प्रभारी पप्पू फुसकेले, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मेघा दुबे सहित सुरखी विधानसभा क्षेत्र के चिकित्सक, इंजीनियर, अधिवक्ता, शिक्षाविद्, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सागर।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें