त्योहारों को लेकर अलर्ट मोड पर सागर पुलिस, बाजारों में पैदल गश्त और होटल-ढाबों की सघन चेकिंग

SHARE:

एसपी संजीव सिंहा के निर्देशन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, संदिग्ध गतिविधियों और अवैध विस्फोटक सामग्री पर पुलिस की विशेष नजर

सागर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सागर पुलिस अलर्ट मोड पर है। जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस लगातार पैदल गश्त कर रही है। वहीं होटल, लॉज, रेस्टोरेंट और ढाबों की सघन जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ स्वयं सड़कों और बाजारों में भ्रमण कर चेकिंग अभियान चला रहे हैं।

अवैध विस्फोटक सामग्री पर रहेगी कड़ी नजर

त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने बारूद एवं अन्य विस्फोटक सामग्री के अवैध निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत जांच और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से घनी आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण और बिक्री पर पुलिस की नजर है।

अफवाहों से बचें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें

सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें। सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट खबर या भ्रामक संदेश को साझा न करें और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें