त्योहारों को लेकर सागर पुलिस अलर्ट, होटल संचालकों को दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

SHARE:

होटलों में सीसीटीवी कैमरे, आगंतुकों के पहचान पत्रों का सत्यापन और कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराना होगा अनिवार्य

सागर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सागर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने शहर के होटल संचालकों एवं व्यवसायियों की बैठक लेकर सुरक्षा और सतर्कता संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप ने नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में होटल संचालकों की बैठक ली। इसमें शहर अनुभाग के सभी थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।

बैठक में होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि उनके प्रतिष्ठानों का उपयोग किसी भी प्रकार की अवैध या आपराधिक गतिविधियों के लिए नहीं होना चाहिए। त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा के सभी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

होटलों में सीसीटीवी और रिकॉर्डिंग पर विशेष जोर

पुलिस ने होटल के प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग, रिसेप्शन सहित सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही होटल के सामने सड़क की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सड़क की ओर भी कैमरा लगाने को कहा गया। कैमरों की रिकॉर्डिंग पर्याप्त अवधि तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस को साक्ष्य उपलब्ध हो सकें।

हर आगंतुक का पहचान सत्यापन जरूरी

होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के वैध पहचान पत्र का सत्यापन कर उसकी स्पष्ट प्रति रिकॉर्ड में रखने तथा आने-जाने वाले व्यक्तियों की जानकारी होटल रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए गए। बिना उचित पहचान और आवश्यक प्रविष्टि के किसी को ठहरने की अनुमति नहीं देने को कहा गया।

कर्मचारियों का होगा पुलिस वेरिफिकेशन

पुलिस ने होटल में काम करने वाले सभी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने और उनका पूरा विवरण संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा होटल परिसर में अवैध शराब बिक्री, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया।

संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तत्काल दें सूचना

होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध गतिविधि या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि होटल व्यवसायी भी शहर की सुरक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। पुलिस और होटल संचालकों के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

सागर पुलिस ने सभी होटल संचालकों से आगामी त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है।

सागर पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें