जहरीली शराब से 37 मौतों के विरोध में कांग्रेस का मशाल जुलूस, प्रशासन के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

SHARE:

कांग्रेस ने कहा– 37 मौतों का हिसाब दो, अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल लगे रोक; न्यायिक जांच और पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग

सागर। जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लगने के विरोध में जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को मशाल जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में निकाला गया यह जुलूस कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन से शुरू होकर कटरा, जामा मस्जिद और गुजराती बाजार होते हुए राधा तिराहा पहुंचा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल लेकर “37 मौतों का हिसाब दो”, “अवैध शराब बंद करो” और “जहरीली शराब बेचने वालों को फांसी दो” जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से अब तक लगभग 37 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि वास्तविक आंकड़ा इससे अधिक हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई परिवारों ने डर और दबाव में मौतों की जानकारी सामने नहीं आने दी और कुछ मामलों में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हेराफेरी की गई।

प्रशासन और शराब माफिया की मिलीभगत का लगाया आरोप

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि जहरीली शराब ने 37 परिवारों के घरों के चिराग बुझा दिए हैं। केसली में युवक की संदिग्ध मौत और बरेठी शराब दुकान में 1300 पेटी अवैध शराब मिलने की घटना इस पूरे मामले की गंभीरता को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सामान्य घटना नहीं, बल्कि प्रशासन और शराब माफिया की मिलीभगत का परिणाम है।

उन्होंने मांग की कि सभी 37 मौतों की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराई जाए। पूर्व सांसद आनंद अहिरवार ने दोषी ठेकेदारों और आबकारी अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने तथा प्रत्येक पीड़ित परिवार को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की।

देवरी में भी अवैध शराब के कारोबार पर उठाए सवाल

पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि देवरी क्षेत्र में भी मौतों का सिलसिला चिंता का विषय है और प्रशासन अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता का घमंड हमेशा नहीं रहता, रावण का घमंड भी नहीं रहा था।

अमित रामजी दुबे ने कहा कि 37 मौतें कोई छोटा आंकड़ा नहीं हैं। इससे 37 परिवार प्रभावित हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

संगठन मंत्री रामकुमार पचौरी ने मशाल जुलूस को मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि और प्रशासन के लिए चेतावनी बताते हुए कहा कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर मौतों का वास्तविक आंकड़ा जुटाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

मशाल जुलूस के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई तो जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, रेखा चौधरी, पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव, मुकुल पुरोहित, रमाकांत यादव, बाबू सिंह, बब्बू यादव, सुलेखा, राकेश राय, सिंटू कटारे, संदीप सबलोक, कमलेश तिवारी, संदीप चौधरी, सागर साहू, डॉ. किरण, लता स्वामी, राहुल चौबे, शिवशंकर, गुड्डू यादव, रोशनी, वसीम खान, ताहिर खान, हेमराज रजक, नरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र राजे, निलेश अहिरवार, अवधेश तोमर, हीरालाल चौधरी, रजनी ठाकुर, आनंद हेला, रेखा सोनी, रेखा अहिरवार, महेश अहिरवार, दीनदयाल तिवारी, चक्रेश रोहित, पंकज सिंघई, जितेंद्र चौधरी, शरद पुरोहित, तोता यादव, ज्योति मालिया, मीना, पवन पटेल, साजिद राईन, फिरदौस कुरैशी, शाहनवाज कुरैशी, नौशाद अब्बासी, समीर खान, अर्चना कनोजिया, टीकाराम दीवान, सुनील ठाकुर, अजय ठाकुर, शिवराज लाड़िया, प्रेमनारायण विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भारत न्यूज़ 24 live.com | सागर

संपादकीय सावधानी: 37 मौतों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेराफेरी और प्रशासन-शराब माफिया की मिलीभगत संबंधी बातें कांग्रेस नेताओं के आरोपों के रूप में प्रकाशित की गई हैं, स्वतंत्र रूप से प्रमाणित तथ्य के रूप में नहीं।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें