कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के प्रयासों और युवा शक्ति संगठन की पहल से युवाओं को मिलेगी आधुनिक व्यायाम सुविधाएं, अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने किया उद्घाटन
सागर/जैसीनगर। सुरखी विधानसभा क्षेत्र के जैसीनगर स्थित गोविंद स्टेडियम में युवाओं को बेहतर स्वास्थ्य और फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। गुरुवार को युवा शक्ति संगठन की पहल पर स्थापित आधुनिक स्मार्ट जिम ‘फिटनेस क्लब’ का भव्य शुभारंभ किया गया। युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने फीता काटकर जिम का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में युवा, संगठन के पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
यह आधुनिक जिम कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के विशेष प्रयासों और युवा शक्ति संगठन की पहल से शुरू हुई है। जिम में युवाओं के शारीरिक विकास और फिटनेस को ध्यान में रखते हुए आधुनिक व्यायाम मशीनें एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इससे जैसीनगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अब बेहतर जिम सुविधाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज की नींव : आकाश सिंह राजपूत
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल जिम खोलना नहीं, बल्कि जैसीनगर के युवाओं की सोच, सेहत और भविष्य को नई दिशा देना है। आज के युवाओं का शिक्षित और प्रतिभाशाली होने के साथ शारीरिक रूप से स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी होना भी जरूरी है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ विचारों का निर्माण होता है और स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज एवं सशक्त राष्ट्र की नींव रखते हैं।
उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा के युवा खेल के मैदान से लेकर शिक्षा और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें तथा अपने माता-पिता, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करें। युवाओं को मोबाइल और नशे जैसी गलत आदतों से दूर रहकर खेल, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। जिम केवल शरीर बनाने की जगह नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और मजबूत इच्छाशक्ति विकसित करने का केंद्र है।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का जताया आभार
आकाश सिंह राजपूत ने कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा क्षेत्र के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयासरत रहते हैं। उनके विशेष सहयोग और युवा शक्ति संगठन की पहल से आज जैसीनगर के युवाओं को आधुनिक फिटनेस सेंटर की सौगात मिली है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सभी मिलकर ऐसा युवा समाज तैयार करें, जहां प्रत्येक युवा स्वस्थ, आत्मनिर्भर और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित हो। युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा और प्रतिभा को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना संगठन का संकल्प है।
खेल और युवा सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
फिटनेस क्लब शुरू होने से जैसीनगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को आधुनिक जिम सुविधाओं का लाभ मिलेगा। क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए युवा शक्ति संगठन के प्रयासों की सराहना की। संगठन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक सेवा के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
ये रहे उपस्थित: कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि बृजेंद्र सिंह ठाकुर, धर्मेंद्र पटेल, नंदलाल चडार, संदीप बडोनिया, बाबू राजपूत, प्रियंक तिवारी, निरंजन राजपूत, राहुल घोषी, छोटू विश्वकर्मा, बालकिशन सोनी, विक्रम साहू, देवी सिंह राजपूत, हरनाम सिंह राजपूत, नंदकिशोर चौबे, रविंद्र सिंह ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, गणेश गौर, प्रदीप दीक्षित, पीयूष मिश्रा, आशुतोष तिवारी, चंचल सिंह, संजय दुबे, संतोष नामदेव, बहादुर यादव, पहलाद प्रजापति, शिवराज सिंह ठाकुर, धीरज सिंह ठाकुर, रामराज सिंह ठाकुर, शत्रुघ्न, दिलीप भट्ट, लक्ष्मण पटेल, गजभान राजपूत, माखन सिंह राजपूत, शशांक राजपूत और आकाश पांडे सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।







