जिले में बेखोफ चल रहे अवैध व जहरीली शराब के कारोबार पर बोले पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी

SHARE:

सागर जिलें मुख्यमंत्री के निर्देश बेअसर …….. सुरेन्द्र चौधरी

मुख्यमंत्री को लिखा पत्र,आबकारी आयुक्त से दूरभाष पर की चर्चा,प्रभावी कार्यवाही की मांग।

सागर जिले के बण्डा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों की हृदयविदारक घटना के बाद भी जिले में अवैध एवं जहरीली शराब तथा नशीले पदार्थों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है जिससको लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार पर तत्काल प्रभावी रोक लगाने तथा दोषी एवं जवाबदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। श्री चौधरी ने इस संबंध में मध्यप्रदेश के आबकारी आयुक्त से दूरभाष पर भी चर्चा कर सागर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई करने की मांग की है।पूर्व मंत्री श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में कहा है कि सागर जिले के बण्डा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों एवं बड़ी संख्या में लोगों के अस्पतालों में उपचाररत होने की हृदयविदारक घटना के बाद भी जिले में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों का कारोबार बेखौफ जारी है। अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ शासन द्वारा घोषित ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति एवं मुख्यमंत्री द्वारा जारी सख्त निर्देशों का सागर जिले में प्रभावी क्रियान्वयन कराने में जिला प्रशासन,पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आबकारी विभाग के जवाबदार अधिकारी एवं मैदानी अमला नाकाम साबित हो रहे हैं। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि गत दिवस बण्डा के वार्ड 15 निवासी करण पिता भागीरथ अहिरवार नामक युवक की कथित तौर पर अवैध एवं जहरीली शराब के सेवन से मौत हुई है साथ ही विगत दिवस जिले की केसली तहसील के जैतपुर डोमा गांव निवासी अंकुश लोधी पिता श्री बहादुर सिंह लोधी की मौत एवं अन्य लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में जान जाने के मामले सामने आए हैं। इसके अलावा नरयावली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत थाना नरयावली के ग्राम ईशरवारा निवासी श्री हरिशंकर अहिरवार की अवैध शराब के सेवन के बाद तबीयत बिगड़ने एवं सीने में जलन की शिकायत के चलते सागर के शासकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। इन घटनाओं के बावजूद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों का कारोबार जारी रहना गंभीर चिंता का विषय है।पूर्व मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि बण्डा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर में सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया था कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने एवं भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे। इस संबंध में पूरे प्रदेश में भी निर्देश जारी किए गए थे। बावजूद इसके सागर जिले में अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पाना तथा जीरो टॉलरेंस नीति का जमीन पर प्रभावी क्रियान्वयन नहीं होना जिला एवं पुलिस प्रशासन तथा आबकारी विभाग की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री से प्रमुख रूप से मांग की है कि बण्डा-शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों से प्रभावित सभी परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा समूचे प्रकरण की तय समय-सीमा में निष्पक्ष जांच कराकर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी एवं उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही घटना के समय व पूर्व में संबंधित क्षेत्र में पदस्थ रहे जिला एवं पुलिस प्रशासन तथा आबकारी विभाग के तत्कालीन अधिकारियों एवं मैदानी अमले की भूमिका की भी सूक्ष्मता से जांच कराई जाए।उन्होंने यह भी मांग की है कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ घोषित ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति एवं मुख्यमंत्री द्वारा जारी निर्देशों का सागर जिले में प्रभावी क्रियान्वयन नहीं कराने वाले दोषी एवं जवाबदार अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाए। सागर जिले के केसली, बण्डा, नरयावली के ईशरवारा सहित अन्य क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार के पनपने की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए।पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि अवैध शराब एवं नशीले पदार्थों के कारोबार को संरक्षण देने अथवा उस पर रोक लगाने में लापरवाही बरतने वाले किसी भी जिम्मेदार को बख्शा नहीं जाए। केवल निर्देश जारी करने के बजाय जीरो टॉलरेंस नीति का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा अवैध एवं जहरीली शराब के कारोबार पर तत्काल अंकुश लगाकर भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें