सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर 13 नवंबर को जिले के सभी विकासखंडों में एसडीएम, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की।
सागर शहर के सुभाषनगर, काकागंज, कनेरादेव सहित विभिन्न इलाकों में संयुक्त दल ने पहुंचकर शराब दुकानों, उनके ठेका परिसरों और अवैध शराब की गतिविधियों में संलिप्त होने के संदेह वाले व्यक्तियों के घरों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेते हुए अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
इसी क्रम में एसडीएम रहली के नेतृत्व में भी संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। जिले की अन्य तहसीलों में भी प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की टीमों ने इसी तरह अभियान चलाया।
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जाए और शिकायत अथवा संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलेभर में चलाए जा रहे इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।








