कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से किया संवाद, साइंस-मैथ्स लैब सहित विभिन्न सुविधाओं का लिया जायजा
सागर, 13 नवंबर 2026। स्कूल शिक्षा मंत्रालय, मध्यप्रदेश शासन की उप सचिव बंदना जाट ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिलगन का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक संचालक एम.के. चडार भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत उप सचिव बंदना जाट ने मां सरस्वती के पूजन के साथ की। इसके बाद उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली। कक्षा 12वीं में इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से संचालित शिक्षण कार्य देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम की प्रगति और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पढ़ाई होने के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
उप सचिव ने विद्यालय की साइंस एवं मैथ्स लैब, हेल्थ लैब, आईसीटी लैब और वोकेशनल लैब का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में स्वच्छता, आकर्षक वृक्षारोपण और सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों को देखकर उन्होंने संतोष जताया। उन्होंने प्राचार्य शरद कुमार गौतम, उप प्राचार्य राममिलन मिश्रा सहित समस्त विद्यालयीन स्टाफ के प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति 73 प्रतिशत दर्ज की गई। इस पर उप सचिव ने उपस्थिति का प्रतिशत और बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में बंदना जाट ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
लोकेशन – सागर








