24 से 29 नवंबर तक आयोजित होगा ऐतिहासिक फुलेर मेला भापेल; स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल एवं आपदा प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयपूर्व सुनिश्चित करने पर जोर
सागर/आगामी 24 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध फूलनाथ फुलेर मेला भापेल की तैयारियों को लेकर शनिवार को रजाखेड़ी स्थित विधायक कार्यालय में नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया की अध्यक्षता में मेला व्यवस्था समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेले के सुव्यवस्थित आयोजन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक श्री लारिया ने मेले की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पारंपरिक महत्ता के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कार्य विभाजन करते हुए संबंधित सदस्यों को दायित्व सौंपे गए।
बैठक में मेला प्रांगण एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, सुचारु यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस, पेयजल, अग्निशमन वाहन (फायर ब्रिगेड) तथा जल क्षेत्र में सुरक्षा की दृष्टि से नाव एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इन सभी व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों से समन्वय एवं आवश्यक पत्राचार कर समयपूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विधायक श्री लारिया ने कहा कि फूलनाथ फुलेर मेला क्षेत्र की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण आयोजन है। मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी सदस्य आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि मेले का आयोजन सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो।
बैठक में जिला महामंत्री चैन सिंह, मंत्री आफीसर यादव, रूप सिंह दादा, पार्षद बलवंत ठाकुर, विवेक सक्सेना, राजा रिछारिया, पवन शर्मा, राघवेन्द्र सिंह, रामजी सिंह, जितेन्द्र सिंह, माखन, बलराम साहू, विनोद विश्वकर्मा, बाबूलाल रोहित, मनीष पहलवान एवं संदीप सिंह सहित मेला व्यवस्था समिति के सदस्य उपस्थित रहे।








