मार्च 2027 तक पूरा होगा खिमलासा रेलवे ओवरब्रिज, 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा

SHARE:

प्रमुख अभियंता ने पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह को भेजी प्रगति रिपोर्ट, 31 मार्च 2027 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

सागर। खुरई-खिमलासा मार्ग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज का काम अब मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना का लगभग 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता ने पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह को पत्र भेजकर निर्माण कार्य की प्रगति और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी दी है।

दरअसल, पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने 9 अक्टूबर 2026 को लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को पत्र लिखकर खिमलासा रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में हो रही देरी पर चिंता जताई थी। उन्होंने बताया था कि निर्माण एजेंसी की धीमी कार्यप्रणाली के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की थी।

इस पत्र पर कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता इंजीनियर आर.एल. वर्मा ने विस्तृत प्रतिवेदन भेजा है। रिपोर्ट के अनुसार ओवरब्रिज के सबस्ट्रक्चर के कुल 25 कार्यों में से 23 पूरे हो चुके हैं, जबकि दो का काम जारी है। सुपरस्ट्रक्चर के अंतर्गत 51 प्री-कास्ट गर्डर तैयार किए जा चुके हैं और इनमें से 16 गर्डरों की लॉन्चिंग भी पूरी हो गई है। शेष गर्डरों की लॉन्चिंग का कार्य प्रगतिरत है। इसके बाद बैंक स्लैब का निर्माण कराया जाएगा।

निर्माण कार्य के तहत बीना की ओर 59.40 मीटर बॉक्स का काम पूरा हो चुका है। वहीं सागर की तरफ 90 मीटर आरई वॉल का कार्य किया जा रहा है। सर्विस रोड निर्माण में सागर की ओर 650 मीटर, बीना की ओर 75 मीटर और खिमलासा की ओर 1075 मीटर का कार्य प्रस्तावित है, जिसमें खिमलासा की तरफ 225 मीटर सर्विस रोड पूरी की जा चुकी है।

जंक्शन में बदलाव के कारण हुई देरी

प्रमुख अभियंता ने बताया कि रेलवे ओवरब्रिज के जंक्शन पोर्शन को बेहतर बनाने के लिए उचित रेडियस, स्मूथ कर्व और सड़क की चौड़ाई बढ़ाने का प्रावधान किया गया है। इसी वजह से निर्माण कार्य में विलंब हुआ है। इसके लिए संशोधित संयुक्त जीएडी (जनरल अरेंजमेंट ड्राइंग) को 14 जुलाई 2026 को मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग सेतु परिक्षेत्र भोपाल द्वारा अनुमोदित किया गया था।

इसके बाद संशोधित ड्राइंग को सुधार के उपरांत 6 अक्टूबर 2026 को अनुमोदन के लिए उप मुख्य अभियंता (गति शक्ति), जबलपुर भेजा गया है। इसका अनुमोदन अभी अपेक्षित है।

31 मार्च 2027 तक पूरा होगा निर्माण

विभागीय प्रतिवेदन में स्पष्ट किया गया है कि खुरई-खिमलासा मार्ग पर बन रहे इस रेलवे ओवरब्रिज की भौतिक प्रगति 60 प्रतिशत है। विभाग ने शेष निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर 31 मार्च 2027 तक ओवरब्रिज को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। निर्माण पूरा होने से खुरई और खिमलासा के बीच आवागमन सुगम होगा तथा क्षेत्र के लोगों को रेलवे क्रॉसिंग पर होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है।

मीडिया कार्यालय दिनांक : 17 नवंबर 2026

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें