महेश जाटव बोले– भाजपा ने सागर को बना दिया नशे की राजधानी, अवैध शराब से दूसरे शहरों में भी हो रही सागर की बदनामी
सागर। शहर में अवैध शराब की बिक्री, जहरीली शराब से हो रही मौतों और जुआ-सट्टा के बढ़ते कारोबार के विरोध में जिला शहर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के संयुक्त तत्वावधान में गौर मूर्ति, तीनबत्ती स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन के पास विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई तथा पूरे प्रदेश में तत्काल पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग उठाई।
धरने को संबोधित करते हुए जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में अंधी-बहरी सरकार चल रही है। उसे न तो अवैध शराब से हो रही मौतें दिखाई दे रही हैं और न ही पीड़ित परिवारों की चीखें सुनाई दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सागर को नशे की राजधानी बना दिया है। दूसरे शहरों और प्रदेशों में जाने पर लोग कहते हैं कि आप उस सागर से आते हैं, जहां अवैध शराब बिकती है। यह पूरे शहर के लिए शर्मनाक स्थिति है।
धरने के आयोजक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमराज रजक, नरेंद्र मिश्रा और एडवोकेट वीरेंद्र राज ने कहा कि बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों का दर्द अभी कम भी नहीं हुआ था कि जिले की अन्य विधानसभाओं में भी शराब से मौतों की घटनाएं सामने आने लगी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजस्व के लालच में लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मध्यप्रदेश में तत्काल पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग की।
पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि शराब से हो रही मौतें बेहद गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि शराब दुकानों की नियमित जांच क्यों नहीं की जा रही और जिन डिपो एवं फैक्ट्रियों से शराब की आपूर्ति होती है, उनकी जांच क्यों नहीं हो रही? उन्होंने आरोप लगाया कि कई आरोपियों और अपराधियों के तार भाजपा से जुड़े होने के बावजूद सत्ताधारी जनप्रतिनिधि इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।
अमित राम जी दुबे ने शहर में जुआ-सट्टा के बढ़ते कारोबार पर चिंता जताते हुए कहा कि ये अवैध गतिविधियां मकड़जाल की तरह फैल चुकी हैं। कांग्रेस लगातार ज्ञापन, धरना और जुलूस के माध्यम से प्रशासन को स्थिति से अवगत करा रही है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत गतिविधियों पर रोक लगाने के बजाय अधिकारियों के तबादले कर दिए जाते हैं।
रमाकांत यादव ने शराब से मौतों की जांच के लिए गठित कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच बेहद धीमी गति से चल रही है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
संगठन महासचिव रामकुमार पचौरी ने कहा कि शराब माफिया और प्रशासन की कथित मिलीभगत से सागर को नशे की राजधानी बनाया जा रहा है। इससे युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. किरण लता सोनी ने कहा कि जुआ-सट्टा के कारण गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं करती है। प्रदेश में शराबबंदी के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा और शराब से मौतों की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं।
धरने को जितेंद्र चौधरी, प्रशांत समैया, निखिल चौकसे, ज्योति मलैया, हरिश्चंद्र सोनवार और महेश अहिरवार सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र राजे ने किया तथा आभार आनंद हैला ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष अंकलेश्वर अन्नी दुबे, शरद पुरोहित, पप्पू गुप्ता, अंकेश जैन, कमलेश तिवारी, राहुल चौबे, रंजीता राना, कल्लू पटेल, अजय राजपूत, नीलेश अहिरवार, डॉ. दिलीप, दीनदयाल तिवारी, हीरालाल चौधरी, रेखा सोनी, रेखा अहिरवार, सुलेखा, राकेश राय, शशि जाटव, अर्चना कन्नौजिया, मीरा अहिरवार, सोफिया बेगम, वीरू चौधरी, भैयन पटेल, लीलाधर सूर्यवंशी, निखिल जैन, गोपाल प्रजापति, अजय लारिया, संजय रैकवार, टिकाराम दीवान, जाहिद ठेकेदार, चमन अंसारी, अशोक नागवानी, सुरेश पंजवानी, संजीव अहिरवार, मयंक ठक्कर, वसीम खान, अमित चौरसिया, पवन पटेल, पीयूष अवस्थी, लल्ला यादव, वीरेंद्र महावत, नौशाद अब्बासी, डॉ. गीता कुशवाहा, पन्नालाल, आमिर खान, बृजेंद्र नगरिया, सत्यम रोहित, अजय रैकवार, संजय श्रॉफ, घनश्याम पंजवानी, राहुल खटीक और बिल्ली रजक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
भवदीय
महेश जाटव
अध्यक्ष, जिला शहर कांग्रेस कमेटी, सागर








