हैहय क्षत्रिय कलचुरि कलार समाज ने धूमधाम से मनाया भगवान सहस्त्रबाहु जी का प्रकट उत्सव, निकाली विशाल वाहन रैली
सागर। श्री राजराजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु जी का व्यक्तित्व देवत्व, पुरुषार्थ, पराक्रम और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम था। उन्होंने विशाल साम्राज्य का संचालन करने के साथ-साथ अपने आध्यात्मिक और धार्मिक कर्तव्यों का भी सदैव निर्वहन किया। उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। करियर और आधुनिक सफलता की दौड़ में मानसिक शांति तथा अपने संस्कारों से जुड़े रहना भी उतना ही आवश्यक है। यह बात युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने भगवान श्री राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु जी के प्रकट उत्सव पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
सागर के हैहय क्षत्रिय कलचुरि कलार समाज (राय, चौकसे, मुखारया एवं जायसवाल) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अविराज सिंह ने कहा कि हैहय वंश के अधिपति चक्रवर्ती सम्राट श्री राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु कार्तवीर्य अर्जुन भारतीय इतिहास और पौराणिक परंपराओं में विशेष स्थान रखते हैं। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार उन्हें भगवान विष्णु के सुदर्शन चक्र का अंशावतार माना जाता है। उनके व्यक्तित्व में अद्भुत शक्ति, आध्यात्मिकता और कुशल नेतृत्व का समन्वय था।
उन्होंने कहा कि भगवान सहस्त्रबाहु अष्ट सिद्धियों और नव निधियों के ज्ञाता तथा योग विद्या में पारंगत थे। मान्यता है कि भगवान दत्तात्रेय ने उन्हें दिव्य स्वर्ण रथ प्रदान किया था, जो पृथ्वी, जल और आकाश में संचालित हो सकता था। उनका मानना था कि राजा को योगी की तरह संयमी और योद्धा की तरह पराक्रमी होना चाहिए। उन्होंने कृषि, व्यापार और वास्तुकला को प्रोत्साहन दिया, जिसके परिणामस्वरूप महिष्मती नगरी समृद्ध और विकसित राजधानी के रूप में प्रसिद्ध हुई।
अविराज सिंह ने कहा कि भगवान सहस्त्रबाहु ने विभिन्न क्षत्रिय कुलों को एक सूत्र में जोड़कर शक्तिशाली व्यवस्था स्थापित की। उनका शासन जनकल्याण, सुरक्षा और सुशासन के आदर्शों के लिए जाना जाता है। मध्य प्रदेश के महेश्वर में स्थित प्रसिद्ध राजराजेश्वर मंदिर आज भी उनकी ऐतिहासिक और धार्मिक स्मृतियों का प्रतीक है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि हमें अपने पूर्वजों के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी को संस्कारवान, शिक्षित और सशक्त बनाना होगा। समाज की उन्नति, आधुनिक शिक्षा और संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। जबलपुर के भेड़ाघाट स्थित प्रसिद्ध चौसठ योगिनी मंदिर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कलचुरि शासकों की स्थापत्य कला और धार्मिक परंपराएं हमारी समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि समय के साथ हैहय क्षत्रिय समाज राय, चौकसे, मुखारया और जायसवाल जैसी विभिन्न शाखाओं में विकसित हुआ है। ये सभी एक ही महान सामाजिक विरासत की मजबूत कड़ियां हैं। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कलचुरि शासकों का शासनकाल ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है। रतनपुर और त्रिपुरी उनकी गौरवशाली विरासत के प्रमुख केंद्र रहे हैं।
कार्यक्रम के अवसर पर आयोजकों द्वारा विशाल वाहन रैली निकाली गई तथा भोजन प्रसादी का आयोजन किया गया। अखिल हैहय क्षत्रिय कलचुरी महासभा के जिला अध्यक्ष अखिलेश राय ने अविराज सिंह का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन ऐनी गोस्वामी ने किया तथा आभार प्रदर्शन वेदांत राय ने किया।
इस अवसर पर अखिलेश राय, विदांश राय, निक्की राय, रामसहाय राय, राजेंद्र राय सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं महिलाओं की गरिमामय उपस्थिति रही।
मीडिया कार्यालय
दिनांक : 16 नवंबर 2026







