शराब दुकानों पर देर रात कलेक्टर और एसपी की दबिश, स्टॉक से लेकर बिक्री व्यवस्था तक की जांच

SHARE:

तिली, धर्माश्री, राजीव नगर और शास्त्री वार्ड सहित कई क्षेत्रों में किया औचक निरीक्षण, नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सागर। शहर में शराब दुकानों की व्यवस्थाओं और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार देर रात कलेक्टर दिलीप कुमार यादव और पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा औचक निरीक्षण पर निकले। दोनों अधिकारियों ने आबकारी विभाग एवं अन्य अधिकारियों के साथ शहर की विभिन्न शराब दुकानों का निरीक्षण कर स्टॉक, बिक्री और भुगतान व्यवस्था की हकीकत जानी।

निरीक्षण के दौरान तिली, धर्माश्री, राजीव नगर, शास्त्री वार्ड और संजय ड्राइव सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों की शराब दुकानों का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों के सामने शराब की बोतलों पर अंकित क्यूआर कोड स्कैन करवाकर उसकी जानकारी ली। साथ ही दुकानों में उपलब्ध शराब के स्टॉक, उसके रखरखाव और बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड का बारीकी से परीक्षण किया।

कलेक्टर यादव ने दुकान संचालकों की ओर से अपनाई जा रही ऑनलाइन और नकद भुगतान व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्टॉक और बिक्री का रिकॉर्ड नियमानुसार रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर अनियमितता नहीं होनी चाहिए।

दुकानों के आसपास शराब पीने पर भी रहेगी नजर

कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शराब दुकानों के आसपास स्थित अन्य दुकानों और क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शराब खरीदने वाला कोई भी व्यक्ति दुकान के अंदर, आसपास या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नियमों के विरुद्ध शराब का सेवन न करे। ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जाए।

कलेक्टर ने कहा कि अवैध शराब की बिक्री और नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह के औचक निरीक्षण केवल सागर शहर तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि जिले की सभी तहसीलों में भी लगातार जारी रहेंगे।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी, सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडे सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

भारत न्यूज़ 24 live.com

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें