मुख्य अतिथि प्रो. सुबोध जैन बोले– युवा अपनी ऊर्जा और रचनात्मकता से करें देश का निर्माण, प्राचार्य प्रो. सरोज गुप्ता ने पढ़ाई के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में संतुलन बनाने की दी सीख
सागर। पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत तीन दिवसीय महाविद्यालयीन युवा उत्सव 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। सत्र 2026-27 के इस आयोजन में विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के लिए 27 विभिन्न विधाओं में मंच प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
उद्घाटन समारोह में डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, सागर के जूलॉजी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. सुबोध जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में वैश्य महासभा अध्यक्ष निकेश गुप्ता, समाजसेवी कविता लारिया, सांसद प्रतिनिधि विजयन चौधरी एवं समाजसेवी संगीता सिंह मंचासीन रहे।
मुख्य अतिथि प्रो. सुबोध जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग वायु के समान वेग और ऊर्जा का धनी है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और रचनात्मकता का सकारात्मक उपयोग करते हुए देश के निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना भी है। युवा उत्सव की 27 विधाएं विद्यार्थियों को अपनी रुचि और हुनर प्रदर्शित करने का बड़ा मंच उपलब्ध करा रही हैं। उन्होंने प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के प्रति उनके लगाव और प्रोत्साहन का ही परिणाम है कि युवा पूरे उत्साह के साथ आयोजन में भाग ले रहे हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय में प्रतिवर्ष 27 विधाओं में युवा उत्सव आयोजित किया जाता है, ताकि कोई भी प्रतिभावान विद्यार्थी अपनी कला प्रदर्शित करने से वंचित न रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए निरंतर परिश्रम आवश्यक है। चंदन की लकड़ी जितनी घिसी जाती है, उतनी ही सुगंधित होती है। इसी तरह संघर्ष और मेहनत से ही व्यक्तित्व निखरता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी संतुलन बनाए रखना चाहिए, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
विशिष्ट अतिथि निकेश गुप्ता ने कहा कि युवा अपार ऊर्जा और क्षमता से परिपूर्ण हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग कर देश के विकास में भागीदारी निभानी चाहिए। कविता लारिया ने युवा उत्सव को विद्यार्थियों की नेतृत्व क्षमता एवं रचनात्मकता विकसित करने वाली महत्वपूर्ण गतिविधि बताया। वहीं समाजसेवी एवं रक्तदानी संगीता सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और लोककलाओं को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।
27 विधाओं में दिखेगी विद्यार्थियों की प्रतिभा
युवा उत्सव की आयोजन प्रभारी डॉ. अभिलाषा जैन ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में कला, संस्कृति, साहित्य, गीत-संगीत, नृत्य एवं नाटक सहित कुल 27 विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। महाविद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी जिला एवं संभाग स्तर की प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
पहले दिन रंगोली, चित्रकला और वाद-विवाद में दिखा उत्साह
युवा उत्सव के पहले दिन विभिन्न सांस्कृतिक एवं कलात्मक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हिंदी एवं अंग्रेजी में वाग्मिता और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी तार्किक क्षमता, विचारों और प्रभावशाली वक्तृत्व कला का प्रदर्शन किया।
वहीं रंगोली, चित्रकला, पोस्टर एवं कार्टूनिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से साकार किया। क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता में मिट्टी से आकर्षक कलाकृतियां तैयार कर प्रतिभागियों ने अपनी कला का परिचय दिया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भागीदारी से महाविद्यालय परिसर उत्साह और सांस्कृतिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।
17 और 18 नवंबर को होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि युवा उत्सव के दूसरे दिन 17 नवंबर को शास्त्रीय एवं सुगम गायन, समूह गान, शास्त्रीय नृत्य, लोकनृत्य तथा विभिन्न वादन विधाओं से संबंधित 10 प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
वहीं तीसरे दिन 18 नवंबर को मिमिक्री, मूक अभिनय, एकांकी, स्किट, पाश्चात्य वादन एवं क्रिएटिव कोरियोग्राफी सहित 10 नाट्य और सृजनात्मक विधाओं की प्रतियोगिताएं होंगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, अतिथि विद्वान, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








