सागर। शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में महिला की गर्दन पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने और ऑटो चालक की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालने के गंभीर मामले में मोतीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को फरियादिया दीवान उर्फ मानसी ठाकुर (43), निवासी सनराइज मेगासिटी, सागर ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि बाघराज आवासीय कॉलोनी के पास पेट्रोल पंप के नजदीक आरोपी अजय तिवारी ने रास्ता रोककर ऑटो चालक अन्नू रजक की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया।
इसके बाद आरोपी ने महिला के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से धारदार चाकू निकाला और उनकी गर्दन पर हमला कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 1217/26 के तहत धारा 126(2), 296(ए) एवं 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में मोतीनगर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अजय तिवारी (47), पिता स्वर्गीय अंजनी कुमार तिवारी, निवासी झंडा चौक, थाना गोपालगंज, जिला सागर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जेल दाखिल कराया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक भारत सिंह, प्रधान आरक्षक शोएब बेग, प्रकाश एवं नदीम तथा आरक्षक अनुराग की सराहनीय भूमिका रही।
सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
लोकेशन – सागर। भारत न्यूज़ 24 live.com







