विधायक प्रदीप लारिया के कार्यालय में भाजपा की विधानसभा स्तरीय बैठक संपन्न, मंडल से बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाने की बनी रणनीति
सागर। आगामी 29 नवंबर को सागर में आयोजित होने वाली भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए नरयावली विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। नरयावली विधानसभा से 10 हजार कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसको लेकर मंगलवार को रजाखेड़ी बजरिया स्थित नरयावली विधायक कार्यालय में विधानसभा स्तरीय संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, शहडोल संभाग संगठन प्रभारी गौरव सीरोठिया, पन्ना जिला भाजपा प्रभारी जाहर सिंह और नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर चर्चा हुई।
29 नवंबर को मोतीनगर से निकलेगी पदयात्रा
बैठक में 29 नवंबर को सागर में आयोजित होने वाली पदयात्रा को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सानिध्य में प्रस्तावित यह पदयात्रा सुबह 10 बजे मोतीनगर स्थित सरस्वती गार्डन से प्रारंभ होगी। यहां से चमेली चौक, कोतवाली, तीनबत्ती और कटरा मार्ग होते हुए पदयात्रा कटरा पहुंचेगी, जहां सभा के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
नरयावली विधानसभा क्षेत्र से 10 हजार लोगों की सहभागिता का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर व्यापक जनसंपर्क करने पर जोर दिया गया।
सामाजिक समरसता और संविधान दिवस के कार्यक्रमों पर भी चर्चा
बैठक में 25 नवंबर को ग्राम भापेल में आयोजित होने वाले बाबा फूलनाथ फुलेर मेला महोत्सव, 26 नवंबर को संविधान दिवस तथा 28 नवंबर को समरसता यात्रा के द्वितीय चरण के अंतर्गत बड़तूमा स्थित संत रविदास स्मारक से कानपुर तक प्रस्तावित रथयात्रा के शुभारंभ को लेकर भी चर्चा की गई।
वक्ताओं ने इन आयोजनों को सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक विरासत और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
प्रदीप लारिया बोले—कार्यकर्ताओं के समर्पण से मजबूत होता है संगठन
विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने कहा कि भाजपा संगठन की वास्तविक शक्ति कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना में निहित है। आगामी कार्यक्रम संगठन की एकजुटता, सामाजिक समरसता और जनसेवा के संकल्प को प्रदर्शित करने का अवसर हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 29 नवंबर की पदयात्रा में नरयावली विधानसभा की सहभागिता ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी निभाए और बूथ स्तर तक जनसंपर्क को मजबूत करे।
श्याम तिवारी ने समन्वय और सामूहिक प्रयासों पर दिया जोर
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि बड़े आयोजनों की सफलता के लिए समयबद्ध तैयारी, आपसी समन्वय और प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी का निर्वहन जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाबद्ध तरीके से जुटकर पदयात्रा को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने का आह्वान किया।
वहीं शहडोल संभाग संगठन प्रभारी गौरव सीरोठिया ने कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रमों की सफलता कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता, अनुशासन और प्रभावी समन्वय से सुनिश्चित होती है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनसंपर्क कर कार्यक्रमों की जानकारी समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाए।
1 से 25 दिसंबर तक चलेगा सेवा संदेश अभियान
बैठक में 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक प्रस्तावित ‘सेवा संदेश जन-जन पहचानें’ अभियान की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, समर्पण, राष्ट्रहित, गरीब कल्याण और सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। इसके तहत कार्यकर्ता संवाद, जनसंपर्क और जनजागरण गतिविधियां संचालित करेंगे।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने और नरयावली विधानसभा क्षेत्र की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री चैन सिंह, चेतराम अहिरवार, ऑफिसर यादव, कपिल कुशवाहा, श्याम सुंदर मिश्रा, अंकित तिवारी, सौरभ केशरवानी, अशोक पड़रिया, मधुकर जाटव, रामजी राजपूत, भानु प्रताप राजपूत, दिलीप नायक, हरलाल साहू, बंटी राठौर, पूनम साहू, उमा रजक, शिक्षा विश्वकर्मा, रेखा चौधरी सहित पार्षद, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भारत न्यूज़ 24 live.com हम केवल सच्चाई ही दिखाते हैं







