
कहा– किसानों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित रखना चाहती है सरकार, तत्काल चुनाव कराने की मांग
सागर। मध्यप्रदेश में लंबे समय से लंबित सहकारिता चुनावों को लेकर पूर्व कृषि एवं सहकारिता मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा सरकार सहकारिता चुनाव कराने से क्यों डर रही है? सरकार लगातार चुनाव टालकर किसानों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित क्यों रखना चाहती है?
सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र प्रदेश के किसानों की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों को बीज, खाद, कृषि ऋण और सिंचाई सहित कई आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। यह क्षेत्र न केवल किसानों की आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में नए राजनीतिक नेतृत्व को आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा वर्षों से सहकारिता चुनाव नहीं कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था और सहकारिता की मूल भावना के विपरीत है। निर्वाचित प्रतिनिधियों के अभाव में सहकारी संस्थाओं का संचालन प्रभावित होता है और किसानों की भागीदारी भी कमजोर पड़ती है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि सहकारी संस्थाओं में किसानों की भागीदारी केवल सदस्यता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। किसानों को अपने प्रतिनिधि चुनने और संस्थाओं के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार मिलना चाहिए। चुनाव नहीं होने से संस्थाओं की जवाबदेही प्रभावित होती है और किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने वाला निर्वाचित नेतृत्व सामने नहीं आ पाता।
चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार सहकारी संस्थाओं पर लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए प्रतिनिधियों के स्थान पर अपना नियंत्रण बनाए रखना चाहती है। यह सहकारिता के सिद्धांतों और किसानों के अधिकारों के साथ अन्याय है।
उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार से मांग की कि सहकारिता चुनावों की तत्काल घोषणा की जाए तथा निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सभी सहकारी संस्थाओं में लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि किसानों को उनका अधिकार मिल सके और सहकारिता व्यवस्था अपने मूल उद्देश्यों के अनुरूप कार्य कर सके।







