राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन, मऊगंज और ग्वालियर ने जीते खिताब

SHARE:

कजलीवन मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले, रिशांक इलेवन ने शो मैच में जिला फुटबॉल संघ को 2-1 से हराया; सदर में निकला विजेता टीमों का विजय जुलूस

सागर। सदर स्थित कजलीवन मैदान पर आयोजित राज्य स्तरीय इंटर डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य समापन खेल उत्साह और रोमांच के बीच हुआ। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में मऊगंज और ग्वालियर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों ने प्रतियोगिता में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मऊगंज ने पन्ना और ग्वालियर ने शिवपुरी को हराया

प्रतियोगिता का पहला फाइनल मुकाबला मऊगंज और पन्ना के बीच खेला गया। कड़े संघर्ष से भरे मुकाबले में मऊगंज की टीम ने 2-1 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

वहीं दूसरे फाइनल मुकाबले में ग्वालियर और शिवपुरी की टीमें आमने-सामने रहीं। इसमें ग्वालियर ने शानदार खेल दिखाते हुए शिवपुरी को 2-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी हासिल की।

रिशांक इलेवन ने शो मैच में दर्ज की जीत

समापन समारोह का विशेष आकर्षण आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी की टीम रिशांक इलेवन और जिला फुटबॉल संघ के बीच खेला गया मैत्रीपूर्ण शो मैच रहा। 15-15 मिनट के इस मुकाबले में रिशांक इलेवन ने जिला फुटबॉल संघ को 2-1 से हराया।

मुकाबले में सूर्यांश तिवारी ने पहला गोल किया। इसके बाद रिशांक तिवारी के शानदार पास और खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल के चलते नमन चौबे ने दूसरा गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। युवा नेता वैदिक वांगखेड़े सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखाई।

रिशांक तिवारी ने विजेता टीमों को सौंपी ट्रॉफी

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रिशांक तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी कर सागर और मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

सदर की गलियों में निकला भव्य विजय जुलूस

फाइनल मुकाबलों के बाद विजेता एवं उपविजेता टीमों के सम्मान में सदर क्षेत्र में भव्य विजय जुलूस निकाला गया। डीजे और ढोल-नगाड़ों के साथ निकले जुलूस का स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत किया। खिलाड़ियों के सम्मान में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और नागरिक शामिल हुए।

जिला फुटबॉल संघ के सचिव विशाल तोमर ने बताया कि सदर क्षेत्र की जनता ने पूरे आयोजन में खिलाड़ियों को भरपूर सहयोग और स्नेह दिया। उन्होंने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले नागरिकों एवं खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

प्रदेश की फुटबॉल प्रतिभाओं को मिला मंच

समापन समारोह में युवा नेता वैदिक वांगखेड़े, सूर्यांश तिवारी, शुभम नामदेव, नमन चौबे, नीरज करोसिया, मोनू लाडिया सहित फुटबॉल संघ के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जिला फुटबॉल संघ सागर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता ने प्रदेश की फुटबॉल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर दिया। आयोजन के सफल समापन से शहर में फुटबॉल के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ा और सागर की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा मिली।

भारत न्यूज़ 24 live.com | सागर | 24 नवंबर 2026

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें