सेवा संकल्प यात्रा का सागर में भव्य स्वागत, जनभागीदारी और सेवा का दिया संदेश

SHARE:

सेवा संकल्प यात्रा का सागर में भव्य स्वागत, जनभागीदारी और सेवा का दिया संदेश
वाराणसी से वडनगर जा रही यात्रा हीरापुर और बरा पहुंची, पुष्पवर्षा, तिलक व आरती से हुआ यात्रियों का अभिनंदन
सागर। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर जा रही सेवा संकल्प यात्रा के सागर जिले में प्रवेश करने पर हीरापुर और बंडा तहसील के ग्राम बरा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया। यात्रियों का पुष्पवर्षा, तिलक और आरती कर अभिनंदन किया गया। यात्रा के माध्यम से लोगों को सेवा, स्वच्छता, जल संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और विकसित भारत की संकल्पना का संदेश दिया जा रहा है।
यात्रा में उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के करीब 50 यात्री शामिल हैं। यात्रा के साथ एक विशेष कलश भी चल रहा है, जिसमें पवित्र नदियों का जल रखा गया है। यात्रा के दौरान वृक्षारोपण, सैनिक सम्मान, हितग्राही संवाद एवं सम्मान, स्कूली बच्चों से संवाद, स्वच्छता गतिविधियां और विकसित भारत संवाद सहित विभिन्न जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
हीरापुर में हुआ आत्मीय स्वागत
हीरापुर पहुंचने पर ग्राम पंचायत तिबोड़ा की सरपंच लक्ष्मी राय, जनपद अध्यक्ष मनीष यादव, मंडल अध्यक्ष योगेश दुबे, आयुष पांडे और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष ताना प्रताप सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया।
यात्रा के पहुंचने पर स्थानीय लोगों में उत्साह नजर आया। स्वागत के दौरान सेवा और जनभागीदारी को लेकर संदेश दिया गया तथा यात्रा के उद्देश्यों से लोगों को अवगत कराया गया।
बरा चौराहे पर पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
हीरापुर के बाद सेवा संकल्प यात्रा बंडा के ग्राम बरा स्थित बरा चौराहे पर पहुंची। यहां स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का अभिनंदन किया। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया गया।
यात्रा के पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचने पर आरती का आयोजन किया गया। धार्मिक और सामाजिक सहभागिता के इस आयोजन में स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ और नशा मुक्ति का संदेश
ग्राम बरा में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
बरा में बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी यात्रा का स्वागत किया।
25 बाइक के साथ करीब 60 सदस्य यात्रा में शामिल
यात्रा में यात्रियों और स्टाफ सहित लगभग 60 सदस्य शामिल हैं। इनके साथ करीब 25 बाइक भी चल रही हैं। यात्रा सागर जिले में विभिन्न स्थानों से होते हुए बंडा तहसील मुख्यालय पहुंचेगी और इसके बाद निर्धारित मार्ग से आगे रवाना होगी।
देशभर में संचालित हो रही हैं 25 सेवा यात्राएं
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत वडनगर से बनारस और बनारस से वडनगर तक विभिन्न मार्गों से देशभर में 25 सेवा संकल्प यात्राएं संचालित की जा रही हैं। मध्यप्रदेश इन यात्राओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। प्रदेश के 55 जिलों में से लगभग 52 जिलों से होकर इन यात्राओं के गुजरने की योजना है।
इन यात्राओं का उद्देश्य सेवा गतिविधियों के माध्यम से आमजन तक सेवा का संदेश पहुंचाना, विभिन्न वर्गों की सहभागिता बढ़ाना और जनभागीदारी के माध्यम से निर्धारित सेवा गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करना है।
सेवा संकल्प यात्रा के माध्यम से सागर जिले में भी सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।

सबसे ज्यादा पढ़ी गई

Horoscope

Weather

और पढ़ें

शहर चुनें