निर्माण सामग्री सड़क पर बिखरी होने से आए दिन हादसे का आरोप, ठेकेदार से माफी और सामग्री हटाने की मांग
सागर। डॉक्टर हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के वैली कैंपस के बाहर निर्माण कार्य के दौरान शिक्षक से अभद्रता का मामला सामने आने के बाद छात्र आक्रोशित हो गए। गेस्ट फैकल्टी शिक्षक दीपक गुप्ता के साथ निर्माण कार्य में लगे मजदूरों द्वारा कथित तौर पर अभद्रता किए जाने की जानकारी मिलने पर छात्रों ने वैली कैंपस के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार वैली कैंपस में निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाला कच्चा मटेरियल ठेकेदार द्वारा सड़क के बीच में ही डाल दिया गया है। इसके चलते कैंपस में आने-जाने वाले छात्र और शिक्षक परेशान हैं। छात्रों का आरोप है कि सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री के कारण कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
बताया गया कि इसी समस्या को लेकर गेस्ट फैकल्टी शिक्षक दीपक गुप्ता ने निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से सड़क पर पड़ा मटेरियल हटाने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान मजदूरों ने शिक्षक के साथ अभद्रता की और मौके से चले गए।
घटना की जानकारी जब छात्रों को मिली तो वे आक्रोशित हो गए। छात्रों ने सड़क पर पड़े ठेकेदार के सामान को सड़क पर फैला दिया और आवागमन बाधित कर जाम लगा दिया। इस दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्रों की मांग है कि शिक्षक के साथ अभद्रता करने वाले ठेकेदार पक्ष की ओर से माफी मांगी जाए और सड़क पर पड़ा निर्माण सामग्री तत्काल हटाया जाए, ताकि छात्रों एवं शिक्षकों को आवागमन में परेशानी न हो और हादसों की आशंका को टाला जा सके।
लोकेशन – सागर
रिपोर्ट – अनुराग शर्मा







